कन्हैयास्थान में युवक को खदेड़कर मारी गोली, घायल

जाटी तालझारी/राजमहल (साहिबगंज) राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैयास्थान में शनिवार की शाम क

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 12:56 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 12:56 AM (IST)
कन्हैयास्थान में युवक को खदेड़कर  मारी गोली, घायल
कन्हैयास्थान में युवक को खदेड़कर मारी गोली, घायल

जाटी, तालझारी/राजमहल (साहिबगंज) : राजमहल थाना क्षेत्र के कन्हैयास्थान में शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे अपराधियों ने गांव के ही 25 वर्षीय वासुदेव मंडल उर्फ विदुर को गोली मार कर घायल कर दिया। गोली उसके पैर में लगी है। उसे इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कन्हैयास्थान निवासी वासुदेव मंडल अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान अपराधियों ने आकर उसे गोली मार दी। बताया गया कि अपराधियों को देख बासुदेव मंडल घर की ओर भागने लगा लेकिन अपराधियों ने खदेड़ कर उसे गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वासुदेव मंडल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना की पुष्टि के लिए थाना प्रभारी प्रणीत पटेल को फोन किया गया तो उन्होंने काल रिसीव नहीं किया।

जिस युवक को गोली लगी है उसके पिता ईश्वर मंडल की हत्या करीब सात साल पहले गांव के ही कुछ लोगों ने गोली मारकर कर दी थी। इस मामले में कुछ लोगों को जेल भी भेजा गया था। इनमें से दो आरोपित हाल में जेल से बाहर आए हैं। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव देखा जा रहा था। स्वजनों को आशंका है कि उन्हीं हत्यारोपियों ने घटना को अंजाम दिया है। बहरहाल घटना को लेकर ग्रामीण भयाक्रांत है और स्थिति को काबू में रखने के लिए करीब दो दर्जन पुलिस कर्मियों को कन्हैयास्थान में तैनात कर दिया गया है।

-------------------

वाहन ने अधेड़ को कुचला, मौत

संवाद सहयोगी, बोरियो (साहिबगंज) : बोरियो- साहिबगंज मुख्य पथ पर बांझी पीर दरगाह के आगे शनिवार देर शाम किसी वाहन ने सिहली निवासी 40 वर्षीय मोतीलाल पहाड़िया को कुचल दिया जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। किसी राहगीर ने घटना की सूचना बोरियो थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी जगन्नाथ पान ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए साहिबगंज भेज दिया। क्षत-विक्षत शव को देख अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी भारी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। बहरहाल युवक सिहली का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

chat bot
आपका साथी