मरीज की मौत होने पर स्वजनों ने किया हंगामा

जागरण संवाददाता साहिबगंज कोरोना संक्रमित अंजुमन नगर की एक महिला की गुरुवार की रात स

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 05:42 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 05:42 PM (IST)
मरीज की मौत होने पर स्वजनों ने किया हंगामा
मरीज की मौत होने पर स्वजनों ने किया हंगामा

जागरण संवाददाता, साहिबगंज : कोरोना संक्रमित अंजुमन नगर की एक महिला की गुरुवार की रात सदर अस्पताल में मौत हो गई। इससे नाराज स्वजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। एसडीओ पंकज साव, सीओ कुमार कनिष्क, जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी सुनील कुमार आदि ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया जिसके बाद लोग शांत हुए।

अंजुमननगर के कुछ लोग रात करीब 8.30 बजे कोरोना संक्रमित एक महिला को लेकर वहां पहुंचे। उस समय डॉ. रणविजय कुमार ड्यूटी पर थे। उन्होंने महिला की जांच-पड़ताल की और गंभीर स्थिति होने की वजह से भर्ती कर दिया। नौ बजे उसकी ड्यूटी समाप्त हो गई। इसके बाद वे वहां से चले गए। रात 9.30 बजे के करीब महिला की मौत हो गई। इसके बाद वहां करीब दो दर्जन लोग जुट गए और हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल के सफाई कर्मी जोसेफ माल्टो व एक अन्य कर्मी के साथ मारपीट की। नेब्यूलाइजर को तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी सुनील कुमार को दी। इसके बाद वे दल-बल के साथ पहुंचे और स्वजनों को शांत करने की कोशिश करने लगे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद साहिबगंज एसडीओ पंकज साव व सीओ कुमार कनिष्क को भी मामले की जानकारी दी गई। दोनों अधिकारियों ने आकर मामले को सुलझाया। उधर, शुक्रवार को अस्पताल के कर्मचारियों ने सिविल सर्जन डॉ. अरविद कुमार से मुलाकात कर कर्मियों की कमी को दूर करने का आग्रह किया। कहा कि अस्पताल में कर्मियों की कमी है। ऑक्सीजन खोलने और लगाने में थोड़ा विलंब होने पर मरीज के स्वजन उग्र हो जाते हैं। अभद्र व्यवहार करने लगते हैं। ऐसे में कर्मचारी सुरक्षित नहीं हैं। रात में अस्पताल में सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की। सिविल सर्जन डॉ अरविद कुमार ने कहा कि कर्मियों की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन से बात कर कर सुरक्षा की व्यवस्था भी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी