जयप्रकाश नगर की समस्या का होगा समाधान

जागरण संवाददाता साहिबगंज जयप्रकाश नगर में व्याप्त जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए बुधवार

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 05:38 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 05:38 PM (IST)
जयप्रकाश नगर की समस्या का होगा समाधान
जयप्रकाश नगर की समस्या का होगा समाधान

जागरण संवाददाता, साहिबगंज : जयप्रकाश नगर में व्याप्त जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए बुधवार को नगर परिषद के सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव के नेतृत्व में मोहल्ले के लोगों के एक शिष्टमंडल ने उपायुक्त रामनिवास यादव से मुलाकात की। उपायुक्त को समस्या के बारे में जानकारी दी। कहा कि वार्ड 22 के कई मोहल्लों में अब भी जलजमाव है।

इस पर उपायुक्त ने कहा कि मैंने स्वयं जयप्रकाश नगर की समस्या को देखा है। इसका समाधान कराया जाएगा। उन्होंने तत्काल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को फोन कर समस्या के समाधान का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि अब बिना स्थल जांच किए किसी भी नाले का निर्माण नहीं होगा। कनीय अभियंता व सहायक अभियंता के साथ कार्यपालक अभियंता स्थल का निरीक्षण करें। कितना पानी आ सकता है इसको देखें। कम से कम चार फीट चौड़ा और गहरा नाले का निर्माण हो अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नाला का अतिक्रमण करनेवालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने शहर का नक्शा भी पेश करने का निर्देश नगर परिषद के पदाधिकारियों को दिया।

शिष्टमंडल में डॉ रंजीत सिंह, डॉ सुरेंद्र नाथ तिवारी, विक्रम कुमार जायसवाल आदि शामिल थे। सुरेंद्र यादव ने बताया कि वार्ड पार्षद सीमा देवी के नेतृत्व में वार्ड नंबर 22 की हर समस्या का निदान किया जाएगा। हम लोग सीवरेज वालों से परेशान हैं। सीवरेज जाम है कोई नहीं उपस्थित हो रहा है। सीवरेज जाम रहने के कारण घरों में पानी फंसा हुआ है। उधर, डीसी के सख्त रुख के बाद शाम में नगर परिषद के पदाधिकारियों ने जयप्रकाश नगर में पहुंच कर जलजमाव की स्थिति का जायजा लिया। उपायुक्त ने करायी नाले की मापी

साहिबगंज : उपायुक्त राम निवास यादव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के निकट बन रहे नाले का निरीक्षण किया। अपनी उपस्थिति में नाले की मापी कराई तथा कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि पूर्व में यहां नाले का निर्माण कराया गया था जो काफी छोटा था। मई माह में हुई भारी बारिश के कारण नाले में जलजमाव एवं ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इस समस्या का हल करते हुए अब नाले को चार फीट चौड़ा एवं चार फीट ऊंचा कराने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि उसी तर्ज पर जैप के आसपास के इलाकों में नालों का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इस दौरान उन्होंने कार्यपालक अभियंता एवं नगर परिषद के कर्मियों को नाले से संबंधित माप को सही रखने इसकी ऊंचाई को दुरुस्त रखने तथा नाला बनने के पश्चात नियमित अंतराल पर साफ सफाई करने से संबंधित दिशा निर्देश दिए। इस दौरान नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर तथा कार्यपालक अभियंता मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी