धान का पैसा नहीं मिला, किसान हुए कर्जदार
संवाद सहयोगी साहिबगंज किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भाजपाइयों ने मंगलवार को अपने-अप
संवाद सहयोगी, साहिबगंज : किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भाजपाइयों ने मंगलवार को अपने-अपने घरों में धरना दिया। इसमें शामिल नेताओं ने कहा कि विगत पांच-छह माह पूर्व किसानों ने लैंपस-पैक्स में अपना धान बेचा लेकिन आज तक उसका पूरा भुगतान नहीं हुआ है। किसान कर्ज लेकर अपना काम चला रहे हैं। अपना पैसा रहते हुए उन्हें ब्याज चुकाना पड़ रहा है। सरकार को किसानों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है।
अपने आवास पर धरना पर बैठे राजमहल विधायक अनंत ओझा ने कहा कि यूपीए गठबंधन की सरकार ने भोले-भाले किसानों को 2050 प्रति क्विटल की दर से धान खरीदने की बात कह कर ठग लिया। दिसंबर 2020 में किसानों ने धान दिया लेकिन पांच माह से अधिक बीतने के बाद भी उन्हें आधी राशि का भुगतान नहीं हुआ है। किसान आर्थिक परेशानी में हैं। किसानों का हितैषी स्वयं को कहने वाली झारखंड सरकार ने अब तक किसानों के लिए किसी प्रकार की राहत की घोषणा नहीं की है।
भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने भरतीय कॉलोनी स्थित आवासीय कार्यालय में धरना दिया। कहा कि इस कोरोना काल में किसानों को मदद की जरूरत है लेकिन हेमंत सरकार उनपर ध्यान नहीं दे रही है। सरकार शीघ्र ही किसानों को धान के बकाए का भुगतान करे। मौके पर गौतम पंडित, हेमंत तांती, कृष्णा कुमार शर्मा उपस्थित थे। धरना में शामिल जिला अध्यक्ष रामदरश यादव ने कहा झारखंड में किसानों के साथ मजाक हो रहा है। उनके सम्मान को ठेस पहुंचाया जा रहा है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि लाखों किसानों ने पैक्सों में धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था जबकि बहुत कम किसानों का धान खरीदा गया। शेष किसान बिचौलियों के पास ओने पौने दाम पर धान बेचना पड़ा। पैक्सों में जिन किसानों ने धान बेचा हैं उन्हें पूरा भुगतान नहीं किया गया हैं। भाजपा नेता गणेश तिवारी, राजीव चौधरी आदि ने भी अपने अपने घरों में धरना दिया।
---------------
राजमहल व बरहड़वा में भी धरना
संवाद सहयोगी, राजमहल : किसानों की समस्याओं को लेकर राजमहल के भाजपाइयों ने भी मंगलवार को अपने अपने घरों में धरना दिया। भाजपा प्रखंड अध्यक्ष बीरेन चंद्र साहा ने कहा कि झारखंड की झामुमो सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है।भाजपा नगर अध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि हेमंत सरकार ने झारखंड के भोले-भाले किसानों को ठगा है। जिला महामंत्री कार्तिक साहा, वरीय भाजपाई देवदास पाल, अरुण प्रमाणिक, राजू सरकार, शशि कर्ण, भूदेव कुमार, दीपक चंद्रवंशी, आलोक राय, धर्मवीर पासवान आदि ने भी धरना दिया।
कोटालपोखर : भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देश पर बरहड़वा प्रखंड के भाजपाइयों ने भी धरना दिया। भाजपा के जिला महामंत्री कुशमाकर तिवारी ने कहा कि झारखंड सरकार ने किसानों के मेहनत और पसीने के बल तैयार फसल तो ले ली लेकिन आज तक उसका भुगतान नहीं हो पाया है। यह झारखंड सरकार के निकम्मेपन को दर्शाता है। बरहड़वा मंडल अध्यक्ष उत्तम कुमार, भाजपा नेता सह नगर अध्यक्ष श्यामल दास, मंडल मंत्री सुशील मिश्रा, छठूलाल साह, विक्की गुप्ता, अनुभव भगत, प्रदीप भगत, कोटालपोखर मंडल अध्यक्ष प्रणव कुमार सिंह, रंजीत कुमार साह, अशोक कुमार साह, राजकुमार अग्रवाल, राजेश कुमार साह, तुफानो साह, नंदलाला साह विकास भगत आदि ने अपने अपने घरों में धरना दिया।