सुख-शांति का आशीर्वाद देकर विदा हुईं मां

संवाद सहयोगी साहिबगंज शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 05:37 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 10:57 PM (IST)
सुख-शांति का आशीर्वाद देकर विदा हुईं मां
सुख-शांति का आशीर्वाद देकर विदा हुईं मां

संवाद सहयोगी, साहिबगंज : शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं को शनिवार की शाम स्थानीय बिजली घाट व शकुंतला सहाय घाट पर गंगा में विसर्जित कर दिया गया। भक्तों ने नम आंखों से मां को विदाई दी। पूजा समिति के सदस्य ढोल बाजे के साथ निकले। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जित की गई। विसर्जन से ले जाने से पहले महिलाओं ने मां की पूजा अर्चना की तथा सिदूर खेला। कृष्णानगर बड़ी दुर्गा, बंगाली टोला दुर्गा पूजा समिति, चौक बाजार दुर्गा पूजा समिति सहित अन्य दुर्गा पूजा समितियों द्वारा विसर्जन जुलूस निकालकर मां की प्रतिमा को विसर्जित कर दिया गया। इससे पूर्व बिजली घाट पर विसर्जन के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था न होने की सूचना पर एसडीओ हेमंत सती पहुंचे और वहां घेरेबंदी कराई। गोताखोरों को भी तैनात किया था।

राजमहल : महाजनटोली दुर्गापूजा समिति ने शुक्रवार की शाम आकर्षक शोभायात्रा निकाल कर नगर भ्रमण उपरांत मां दुर्गा की प्रतिमा को उत्तरवाहिनी मां गंगा में विसर्जित कर दिया। शोभायात्रा के पूर्व मंदिर परिसर में महिलाओं ने मां का चुमान कर एक दूसरे को सिदूर लगाकर विजयादशमी की बधाई एक-दूसरे को दी गई। मंडई स्थित मां पगली दुर्गा मंदिर की प्रतिमा भी मंदिर परिसर स्थित तालाब में विसर्जित कर दी गई। जामनगर व लखीपुर में भी दुर्गा पूजा समिति ने तालाबों में प्रतिमा को विसर्जित कर दिया गया। पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार व थानाप्रभारी प्रणीत पटेल लगातार प्रत्येक पूजा-पंडालों तक पहुंचकर पूजा कमेटी को निर्देश देते दिखे।

तीनपहाड़ : तीनपहाड़, कल्याणचक, बाकुडी, नीमगाछी व सुतियारपाड़ा के दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गा की पूजा एवं घट विसर्जन के साथ पूजा संपन्न हो गई।

कोटालपोखर : विजयादशमी पर मंदिर के प्रांगण में दशमी पूजा के बाद महिलाओं ने सिदूर खेला व एक दूसरे की मांग पर कर सदा सुहागन बनाये रखने की मां से आशीर्वाद प्राप्त किया। पुरुषों ने अबीर गुलाल लगाकर विजयादशमी की बधाई दी।

तालझारी : ़ लोगों ने मां दुर्गा की दर्शन व पूजा-अर्चना हेतु संयम व धैर्य का भी परिचय दिया। कोविड 19 को लेकर जारी सरकार की गाइडलाइन का अनुपालन करने के लिए अपनी बारी का इंतजार कतारबद्ध होकर करते रहे। बीडीओ साइमन मरांडी व थाना प्रभारी कैलाश कुमार ने भी मीनाबाजार, सकरीगली, तीनपहाड़, बाकुड़ी आदि दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों का भ्रमण किया।

बोरियो : दुर्गा समिति बंगाली टोला में मां दुर्गा के विदाई में शुक्रवार को बंगाली समुदाय के महिलाओं ने सिदूर खेलकर मां की विदाई दी गई। नवरात्र करने वाले लोगों ने कलश का विसर्जन मोरंग नदी में किया। रविवार को मां दुर्गा के प्रतिमा का विसर्जन करने की बात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष हरदेव साह ने कही।

chat bot
आपका साथी