होमगार्ड की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था

जागरण संवाददाता साहिबगंज होमगार्ड की 24 मार्च से जारी हड़ताल की वजह से यहां की सुरक्षा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 07:18 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 07:18 AM (IST)
होमगार्ड की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था
होमगार्ड की हड़ताल से चरमराई व्यवस्था

जागरण संवाददाता, साहिबगंज : होमगार्ड की 24 मार्च से जारी हड़ताल की वजह से यहां की सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। हड़ताल कब समाप्त होगी इसका कोई ठिकाना नहीं है। सदर अस्पताल में सोमवार को वैकल्पिक व्यवस्था की गई, लेकिन अन्य जगहों पर ऐसा नहीं हो पाया है।

जिले में करीब सात सौ होमगार्ड हैं। तीन सौ को एक बार में विभिन्न जगहों पर ड्यूटी लगाई जाती है। जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर अस्पताल, बैंक, बंदरगाह, जेल, ग्रिड, ट्रैफिक आदि जगहों पर होमगार्ड की तैनाती की गई थी। 24 मार्च से सभी गायब हैं। गृहरक्षक बिहार की तर्ज पर यहां भी विभिन्न सुविधाओं की मांग कर रहे हैं।

जिला प्रवक्ता सुकुमार यादव ने बताया कि बिहार के गृहरक्षकों की स्थिति झारखंड की अपेक्षा काफी बेहतर है। छह मार्च से ही बिहार की तर्ज पर सुविधा देने की मांग को लेकर यहां के गृहरक्षक आंदोलन कर रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 24 मार्च से सभी हड़ताल पर चले गए।

मंडरो पीएचसी में तैनात तीन पूर्व सैनिकों को बुलाया गया साहिबगंज : सदर अस्पताल सहित जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में करीब 65 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। पूर्व में अस्पतालों में आउटसोर्सिंग कंपनी के माध्यम से पूर्व सैनिकों को रखा गया था, लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया और होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी गई। सदर अस्पताल में सात होमगार्ड तैनात थे जो आउटडोर में कतार आदि लगाने में मदद करते थे, लेकिन हड़ताल की वजह से यहां काफी परेशानी होने लगी। चिकित्सकों ने इस बात से सिविल सर्जन डॉ. अरविद कुमार को अवगत कराया। इसके बाद मंडरो स्वास्थ्य केंद्र में तैनात तीन पूर्व सैनिकों को सदर अस्पताल में बुला लिया गया है। सोमवार से वे यहां ड्यूटी दे रहे हैं। ग्रीन होटल के समीप भी कुछ होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी जो ट्रैफिक संचालन में सहयोग करते थे लेकिन वहां अभी कोई नहीं है। इस वजह से यहां वन वे व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।

-------

सदर अस्पताल में सात होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई थी। उनके हड़ताल पर चले जाने से समस्या हो रही थी। इसलिए मंडरो में तैनात तीन पूर्व सैनिकों को यहां बुला लिया गया है। वे आउटसोर्सिंग कंपनी के स्टाफ हैं।

डॉ. अरविद कुमार, सीएस, साहिबगंज

chat bot
आपका साथी