जिले में खुलेंगे 15 विशेष दाल-भात केंद्र

साहिबगंज जिले के गरीब व बेसहारा लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। यहां 15 विशेष दाल-भात कें

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 04:45 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 04:45 PM (IST)
जिले में खुलेंगे 15 विशेष दाल-भात केंद्र
जिले में खुलेंगे 15 विशेष दाल-भात केंद्र

साहिबगंज : जिले के गरीब व बेसहारा लोगों के लिए एक अच्छी खबर है। यहां 15 विशेष दाल-भात केंद्र खोले जाएंगे। यहां मुफ्त खाना मिलेगा। इसकी तैयारी चल रही है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी मिथिलेश झा ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से इस संबंध में प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव मिलते ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। इस सप्ताह के अंत तक सभी दाल भात केंद्रों के चालू हो जाने की उम्मीद है।

गौरतलब हो कि कोरोना की वजह से किए गए लॉकडाउन के चलते जिले में नौ मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र चल रहे थे। बाद में ोगों की समस्या को देखते हुए अप्रैल माह में 17 और मई माह में पांच विशेष दाल-भात केंद्र खोले गए। इनमें दो दाल-भात केंद्र मुफस्सिल व मिर्जाचौकी थाने में चल रहे थे। 30 जून को सभी 22 दाल भात केंद्रों को बंद कर दिया गया। इसके बाद लोगों को परेशानी होने लगी। इसे देखते हुए जिले में 15 विशेष दाल भात केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया है। इन 15 दाल भात केंद्र खोलने के बाद जिले में इनकी संख्या बढ़कर 24 हो जाएगी। इस माह खुलने वाले दाल भात केंद्रों का संचालन नवंबर तक किया जाएगा। इन केंद्रों पर मुफ्त में खाना मिलेगा। कोरोना से पूर्व संचालित मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्रों पर खाने पर पांच रुपए का भुगतान करना पड़ता था। बताया जाता है कि झारखंड लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी की महिला समूहों द्वारा इन दाल-भात केंद्रों का संचालन किया जाएगा। उन्हें चावल, दाल व सोयाबीन सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा जबकि क्षतिपूर्ति के रूप में पांच रुपया प्रति व्यक्ति का भुगतान आपदा राहत मद से किया जाएगा।

स्थायी दाल भात केंद्र : कोर्ट परिसर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के पास, बोरियो, बरहेट, बरहड़वा, उधवा व तालझारी प्रखंड मुख्यालय तथा राजमहल में सिघीदलान के पास।

-----------

जिले में 15 विशेष दाल-भात केंद्र खोलने का निर्देश सरकार से प्राप्त हुआ है। इसके आलोक में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सभी केंद्रों का संचालन नवंबर तक किया जाएगा। इन केंद्रों पर निश्शुल्क पका हुआ खाना लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा।

मिथिलेश झा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, साहिबगंज

chat bot
आपका साथी