रांची : उसकी पत्‍नी से था अवैध संबंध, पत्थर से कूचकर युवक की कर दी हत्या

रांची के तुपुदाना में एक युवक की हत्‍या कर दी गई है। पुलिस ने लाश को कब्‍जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 20 Nov 2018 12:13 PM (IST) Updated:Wed, 21 Nov 2018 06:21 PM (IST)
रांची : उसकी पत्‍नी से था अवैध संबंध, पत्थर से कूचकर युवक की कर दी हत्या
रांची : उसकी पत्‍नी से था अवैध संबंध, पत्थर से कूचकर युवक की कर दी हत्या

रांची, जेएनएन। तुपुदाना ओपी क्षेत्र के दर्जी तोराड़ गांव में पत्नी से अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने एक युवक की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। मृतक बाहा सांगा (20) था, जो गांव का ही रहने वाला था और पेशे से मजदूर था। वहीं, हत्यारोपित सुकरा सांगा रिश्ते में मृतक का भाई लगता है और पड़ोसी भी है। उसे ग्रामीणों ने उसके ससुराल से पकड़ा और पीटते हुए गांव लाए।

यहां सेंदरा की तैयारी थी कि पुलिस मौके पर पहुंची और तब जाकर सुकरा की जान बची। उसे पुलिस ने अपनी सुरक्षा में इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया है। मौके पर हरदाग पंचायत के मुखिया डेविड रूंडा, ग्राम प्रधान बिरसा मुंडा, वार्ड सदस्य सज्जाद सहित अन्य लोग भी पहुंचे थे। मृतक के चाचा बुधवा सांगा के बयान पर सुकरा सांगा के उपर हत्या का मामला दर्ज किया गया।

ऐसे दिया घटना को अंजाम : पुलिस की पूछताछ में सुकरा सांगा ने बताया कि सोमवार की रात बाहा, सुकरा व अन्य दो युवक गांव में ही शराब पी रहे थे। पीने के क्रम में ही सुकरा बाहा से अपनी पत्नी के साथ संबंध होने की बात कहकर झगड़ा करने लगा। साथी उन्हें समझाकर दोनों को उनके घर भेज दिए और वे भी अपने-अपने घर चले गए। बाहा सांगा दिलवर लकड़ा के निर्माणाधीन मकान में जाकर प्रतिदिन की तरह सो गया।

सुकरा के अनुसार उसने शराब के नशे में गुस्से में जाकर एक बड़ा सा पत्थर उठाकर उसका सिर कूंच दिया और पत्थर झाड़ी में फेंक दिया। सुबह ग्रामीणों ने दिलवर के घर में बाहा को मृत देखा। लोगों को जमा होते देख सुकरा अपने सतरंजी स्थित ससुराल चला गया। वहां अपनी पत्नी सालो को बोला कि उसने गांव में एक हत्या की है, अगर वह नहीं चली तो उसकी भी हत्या कर देगा।

तब तक ग्रामीण भी उसके ससुराल में पहुंच गए, जहां सुकरा को पकड़ लिया। ग्रामीण उसे लेकर गांव पहुंचे, पत्नी भी अपने तीनों बच्चों के साथ गांव पहुंची। यहां ग्रामीणों ने सुकरा को बिजली के खंभे में बांध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीण उसकी हत्या करने वाले थे, लेकिन तब तक तुपुदाना ओपी प्रभारी तारिक अनवर दल-बल वहां पहुंचे, जिससे सुकरा की जान बची।

पत्नी ने भी आरोपित के लिए आजीवन कारावास की सजा देने की मांग की : सुकरा की पत्नी सालो का भी रो-रोकर हाल बेहाल था। वह पुलिस से भी बार-बार कह रही थी कि सुकरा को आजीवन कारावास की सजा दिलाई जाए। वह रोज-रोक की किचकिच से तंग आ गई है। एक दिन पहले भी सुकरा मृतक बाहा के घर में आग लगाने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो सका था।

chat bot
आपका साथी