पुलिस के सामने युवक की हत्या का मामला: रांची पुलिस का पीड़ित परिवार को अनोखा जवाब, कहा- खुद मुजरिम पकड़कर लाओ

रांची के जगन्नाथपुर इलाके में जमीन पर कब्जा के विवाद में हुई खूनी संघर्ष के दौरान पुलिस के सामने अलाउद्दीन अंसारी उर्फ बब्लू की गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्या के मामले में केवल दो आरोपितों की गिरफ्तारी कर पुलिस सो गई है।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 11:06 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 11:06 AM (IST)
पुलिस के सामने युवक की हत्या का मामला: रांची पुलिस का पीड़ित परिवार को अनोखा जवाब, कहा- खुद मुजरिम पकड़कर लाओ
रांची पुलिस का पीड़ित परिवार को अनोखा जवाब, कहा- खुद मुजरिम पकड़कर लाओ। जागरण

रांची, जासं । रांची के जगन्नाथपुर इलाके में जमीन पर कब्जा के विवाद में हुई खूनी संघर्ष के दौरान पुलिस के सामने अलाउद्दीन अंसारी उर्फ बब्लू की गला रेतकर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्या के मामले में केवल दो आरोपितों की गिरफ्तारी कर पुलिस सो गई है। जबकि गला रेतने के मुख्य आरोपित को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। पीड़ित परिवार की ओर से गिरफ्तारी का अनुरोध करने पर पीड़ित परिवार को ही कहा जा रहा है कि आप ही मुजरिम को पकड़कर लाओ। ऐसे में पीड़ित के परिवार परेशान और दहशत में हैं।

चूंकि घटना के मुख्य दोषी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं, और खुलेआम घूम रहा है। मृतक की पत्नी शबनम जहां के अनुसार एजाज और रेहान घटना के मुख्य आरोपित हैं। पुलिस इन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। बता दें 20 दिसम्बर 2020 की दोपहर पुलिस के सामने एक की गला रेतकर और ताबड़तोड़ चाकू गोदकर बेरहमी से हत्या की गई थी। घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही थी। मामला हटिया स्थित हेसाग गांव की 26 डिसमील जमीन विवाद से जुड़ा है। अलाउद्दीन की हत्या के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे, इसके बाद सड़क पर उतर कर खूब हंगामा किया था। 

ऐसे बढ़ा था विवाद

मृतक के परिजनों के अनुसार अलाउद्दीन अंसारी की एक जमीन हेसाग बस्ती में 26 डिसमील है। उस जमीन पर  मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य रिश्तेदारों ने कब्जा कर रखा है। इसको लेकर अलाउद्दीन और मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य लोगों के बीच विवाद चल रहा था। उसी जमीन से कब्जा हटाने के लिए अलाउद्दीन अपने ससुर जाकिर अंसारी व पुलिस के साथ वहां पहुंच गए थे। उन्होंने आरोपितों को जमीन से कब्जा हटाने को कहा था। इस बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया।  इसी बीच आरोपित मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य लोग अलाउद्दीन और जाकिर पर टूट पड़े। लाठी से दोनो की पिटाई करने लगे। इसी बीच उन लोगों ने अलाउद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। उनका गला रेता और कई बार पेट में चाकू गोद दिया गया था। इससे अलाउद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजन घायल अलाउद्दीन को रिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

सुबह से ही चल रही थी गहमा-गहमी

जमीन पर कब्जा को लेकर रविवार सुबह से ही दोनो पक्षों के बीच गहमागहमी चल रही थी। सुबह में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। दोपहर में अलाउद्दीन जमीन पर कब्जा करने के लिए पुलिस को लेकर मौके पर पहुंच गया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट व छुरेबाजी का मामला हुआ।

इनके खिलाफ दर्ज कराई गई थी एफआईआर

अलाउद्दीन अंसारी की हत्या के बाद परिजनों ने 14 लोगों के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। आवेदन में मकसूद अंसारी, मोख्तार अंसारी, समसुद्दीन अंसारी, इरफान अंसारी, एजाज अंसारी, रेहान अंसारी, मंजर अंसारी, शमीम अंसारी, रफीक अंसारी, मकसूद आलम, इम्तियाज अंसारी, मैमिना खातून, समीद अंसारी, तैमुन निशा और सलीम अंसारी पर हत्या का आरोप लगाया गया है। आरोपितों के पिता तेजु अंसारी एक बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है। करीब दो साल से वह जेल में ही हैं। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म की घटना को लेकर भी बस्ती में काफी हंगामा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित तेजू अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेजी थी।

लंबे समय से चलता आ रहा है विवाद

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन पर कब्जा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि कुल 73 में से 26 डिसमील जमीन की डिग्री अलाउद्दीन और उसके परिजनो को मिली है। इसके बावजूद तेजू अंसारी और उसके परिजन उस जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है। इसको लेकर दोनो परिवार के बीच कई बार मारपीट भी हो चुकी है।

chat bot
आपका साथी