बिना पार्किंग की व्यवस्था के जुर्माना वसूलना अनुचित : चैंबर

पार्किंग की अनुपलब्धता के बावजूद अपर बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और ग्राहकों से जुर्माना वसूला जा रहा है

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 06:00 AM (IST)
बिना पार्किंग की व्यवस्था के जुर्माना वसूलना अनुचित : चैंबर
बिना पार्किंग की व्यवस्था के जुर्माना वसूलना अनुचित : चैंबर

जासं, रांची : पार्किंग की अनुपलब्धता के बावजूद अपर बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और ग्राहकों से नियमित रूप से जुर्माना वसूले जाने पर झारखंड चैंबर ऑफ कामर्स ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों से काफी हद तक निपटने के बाद त्योहार वाले सीजन में आर्थिक गतिविधियां धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही हैं कितु ऐसे ही समय में राजधानी रांची के मुख्य व्यवसायिक केंद्र अपर बाजार में रांची नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाकर दुकानदारों एवं ग्राहकों से जुर्माना वसूलकर बाजार को प्रभावित किया जा रहा है।

निगम और प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों व ग्राहकों की शिकायत प्राप्ति पर आज चैंबर भवन में पदाधिकारियों की एक बैठक भी हुई। यह कहा गया कि बाजार क्षेत्र की यातायात समस्या वर्षों पुरानी है जिसका समाधान केवल जुर्माना वसूलने से संभव नहीं है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए हमें सकारात्मक वातावरण में मिलकर प्रयासों को गति देनी होगी। रविवार के दिन बाजार खोलने हेतु जारी प्रतिबंधों से हो रही समस्या पर भी बैठक में चिता जताई गई। राज्य सरकार से आग्रह किया गया कि दीपावली, छठ पूजा समेत अन्य आनेवाले त्यौहारों को देखते हुए अब प्रदेश में रविवार को भी बाजार पूर्णरूप से खोलने की छूट दी जाए।

चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा ने कहा कि अपर बाजार की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में रांची नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ने कई प्रयास किए। वेंडर मार्केट में पार्किंग की व्यवस्था की गई। ऐसे समय में जब व्यापारियों के साथ मिल-बैठकर पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए, इसके विपरीत निगम द्वारा जुर्माना लेकर व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है। बैठक में राहुल साबू, दीनदयाल बरनवाल, महासचिव राहुल मारू, सह सचिव रोहित अग्रवाल, विकास विजयवर्गीय, उप समिति चेयरमेन राजीव सहाय उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी