रातू में आठ वर्षो से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने आत्महत्या की

आठ वर्षो से अजय मिर्धा के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली पुष्पा देवी 35वर्ष ने मंगलवार की रात आत्महत्या कर ली।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 09:35 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 09:35 PM (IST)
रातू में आठ वर्षो से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने आत्महत्या की
रातू में आठ वर्षो से लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने आत्महत्या की

संसू, रातू : आठ वर्षो से अजय मिर्धा के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली पुष्पा देवी 35वर्ष ने मंगलवार की रात लगभग नौ बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पावर सब स्टेशन के पीछे किराए के मकान में रहने वाली पुष्पा देवी डायट रातू के पास मुर्गा बेचने का काम करती थी। इससे घर की जीविका चलती थी। जबकि अजय का अपना घर मुरगू, रातू में है। लोहरदगा जिला के मुंदो की रहने वाली पुष्पा देवी पिछले आठ साल से अजय मिर्घा के साथ रह रही थी। पुष्पा की मौत की सूचना मिलते ही मा दुलारी देवी सुबह अपने स्वजनों के साथ रातू पहुंची। उसने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए रातू थाने में मामला दर्ज कराया है। घर के आसपास रहने वाले लोग बताते हैं कि प्रतिदिन अजय पुष्पा के साथ मारपीट करता था। मंगलवार की रात भी इन दोनों में मारपीट हुई। मारपीट के बाद पुष्पा घर से बाहर चली गई। फिर रात नौ बजे के करीब घर आई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची रातू थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रात में ही रिम्स भेज दिया। पुष्पा के स्वजनों द्वारा हत्या की रिपोर्ट लिखाने के बाद पुलिस मामले की जाच कर रही है।

--------

पूर्व में मृतका की बड़ी बहन के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता था अजय

अजय मिर्धा शराबी था और शराब के नशे में रहता था। अजय पहले किसी दुकान में आटो चलाने का काम करता था। पर, मालिक द्वारा प्रतिदिन शराब पीने के कारण काम से निकाला गया था। अजय अभी कुछ काम नहीं करता था। पुष्पा के साथ ही मुर्गा बेचने का काम कर रहा था। इधर, पुष्पा मारपीट के डर से प्रतिदिन 100 रुपये शराब पीने के लिए देती थी। पूर्व में भी अजय मृतका की बड़ी बहन गीता देवी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह चुका है। गीता व पुष्पा की मा दुलारी देवी ने बताया कि वर्षो पहले हमारी बड़ी बेटी गीता को भी बहला फुसलाकर अजय ले भागा था। हमारी बड़ी बेटी की भी मौत अजय के घर में आग से जलकर हुई थी। दुलारी देवी कहती हैं कि अब तो हमें यह भी शक है कि उसकी भी हत्या की गई थी। इधर, मेरी छोटी बेटी पुष्पा को भी उसने फांसकर अपने साथ रख लिया था। कई बार प्रताड़ना की भी बात पुष्पा ने बताई थी।

chat bot
आपका साथी