ननिहाल जाने के विवाद में पत्नी ने पति को चाकू से मारकर किया घायल, गिरफ्तार Palamu News

Palamu Jharkhand News गंभीर स्थिति में घायल जितेंद्र को रांची रेफर किया गया है। घायल जितेंद्र रवि रोजगार सेवक है। उनकी मां झालो देवी रेवारातू पंचायत की मुखिया है। दूसरी ओर एक अन्‍य घटना में कुछ लोगों को एक दंपत्ति को मारपीट कर घायल कर दिया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 04:33 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 04:42 PM (IST)
ननिहाल जाने के विवाद में पत्नी ने पति को चाकू से मारकर किया घायल, गिरफ्तार Palamu News
Palamu Jharkhand News घायल जितेंद्र रवि रोजगार सेवक है।

लेस्लीगंज (पलामू), जासं। पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातू गांव निवासी जितेंद्र रवि को उनकी पत्नी प्रियदर्शी देवी ने शनिवार की रात चाकू से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे देवर उपेंद्र रवि भी घायल हो गए। रविवार को मामले की शिकायत लेकर घायल जितेंद्र के भाई व मां लेस्लीगंज थाना पहुंचे। थाना पुलिस ने घायलों का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जितेंद्र रवि को रांची रेफर कर दिया है। उनके भाई उपेंद्र को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।

इधर घर में हुई चाकूबाजी से परिवार वाले आहत हैं। मालूम हो कि घायल जितेंद्र रवि रोजगार सेवक है। उनकी मां झालो देवी रेवारातू पंचायत की मुखिया है। घायल की मां सह मुखिया झालो देवी ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी अपने ननिहाल जाना चाहती थी। इसे लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। किसी को भी यह आशंका नहीं थी कि यह मामूली विवाद जानलेवा साबित होगा। जानकारी के मुताबिक प्रियदर्शिनी का पालनपोषण व विवाह भी उसके ननिहाल मनातू में हुआ है। लेस्लीगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रियदर्शिनी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीट-पीटकर  किया एक गरीब महिला को  घायल

लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के दारुडीह गांव निवासी रोहित सिंह व उनकी पत्नी सरोज देवी को उसी गांव के सकेन्द्र सिंह व बालकेश सिंह ने अपने स्वजनों के साथ मिलकर पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की शिकायत लेकर दोनों पति-पत्नी रविवार को लेस्लीगंज थाना पहुंचे। यहां थाना पुलिस ने इलाज के लिए दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायल सरोज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेदिनीनगर स्थित मेदनी राय मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक रोहित सिंह का परिवार गरीब है। रोहित सिंह सैटरिंग सरिया का काम कर परिवार का भरण पोषण करता है। बालकेश सिंह का परिवार रोहित को हमेशा मारपीट कर दबाता रहता है। विवाद का कारण  सैटरिंग का पटरा गायब होना बताया जाता है। बालकेश ने रोहित से पटरा गायब होने के बारे में पूछताछ की। इस पर उसने अनभिज्ञता जाहिर की। इस पूछताछ को लेकर विवाद बढ़ा और अपने स्वजनों के साथ मिलकर बालकेश आक्रोश में आकर रोहित को पीटने लगा। बीच बचाव करने आई रोहित की पत्नी सरोज की भी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी