Jharkhand Crime: शाम में पति घर लौटा तो उसके होश उड़ गए, उसने जो देखा...

Jharkhand Crime बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी के रवींद्र नगर में एक महिला और उसकी डेढ़ साल की बेटी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है। महिला के पति ने 100 नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी दी।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 09:24 AM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 09:24 AM (IST)
Jharkhand Crime: शाम में पति घर लौटा तो उसके होश उड़ गए, उसने जो देखा...
रांची में महिला और उसकी डेढ़ साल की बेटी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है।

रांची,जासं। बरियातू थाना क्षेत्र के चिरौंदी के रवींद्र नगर में बुधवार की शाम एक महिला रीता देवी और उसकी डेढ़ साल की बेटी नेहा का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है। महिला के पति हलधर महतो ने 100 नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी दी। बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया है। महिला के पति हलधर महतो ने जो कहानी बताई है उसी पर भरोसा कर पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। हलधर ने पुलिस को बताया है कि पत्नी ने अपनी डेढ़ साल की बेटी को फांसी के फंदे पर लटकाया और इसके बाद वो खुद भी फंदे से झूल गई। इस तरह, पत्नी ने पहले बेटी की हत्या की और इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली। अलबत्ता, पुलिस की छानबीन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि असल घटना क्या है।

राहे का रहने वाला हलधर महतो रिम्स में रेडियोलाजी की एक डाक्टर की गाड़ी चलाता है। हलधर ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी पर था। दोपहर तकरीबन 11.55 बजे उसकी पत्नी रीता देवी ने उसे फोन किया कि घर आ जाओ। इसके बाद वह घर गया। वहां उसने पत्नी के साथ खाना खाया। इसके बाद बच्ची को थोड़ी देर तक खेलाया। इस दौरान उसकी पत्नी ने उसका वीडियो भी बनाया। इसके बाद वह वापस ड्यूटी पर चला गया। शाम छह बजे जब  घर पहुंचा तो देखा उसकी पत्नी और बेटी का शव फांसी के फंदे से लटक रहा है।

हलधर बताता है कि शव देख कर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। तभी उसने 100 नंबर पर फोन किया तब पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर मारपीट का कोई निशान नहीं है। इसलिए लग रहा है कि बेटी की हत्या करने के बाद खुद फांसी पर लटक गई है। हलधर का कहना है कि उसका पत्नी से कोई झगड़ा नहीं था। वह पत्नी और बेटी को घर में हंसता खेलता छोड़ कर गया था। वो खुद समझ नहीं पा रहा है कि ऐसा कैसे हो गया।

पुलिस कर रही मायके वालों का इंतजार

रीता देवी सोनाहातू की रहने वाली थी। आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस रीता देवी के मायके वालों का इंतजार कर रही है। मायके वालों को घटना की खबर दे दी गई है। बेटी व नातिन की मौत की खबर सुन कर रीता देवी के मायके में सबका रो रो कर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि गुरुवार को मायके वाले आ जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

मां के आने पर खुलेगा राज

पुलिस ने रीता देवी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। इसके सहारे पुलिस की जांच आगे चल रही है। पता चला है कि रीता देवी ने अपनी मौत से एक घंटा पहले अपनी मां को फोन किया था। फाेन पर मां से क्या बात हुई इसका पता लगाने में पुलिस जुट गई है। माना जा रहा है कि रीता देवी के मां के आने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। तब घटना की असल वजह सामने आएगी। रीता देवी ने अगर मां को कुछ बताया होगा तो ये बात पुलिस की तफ्तीश के लिए अहम साबित होगी।

एक महीना पहले ही आए थे रवींद्र नगर

मोहल्लों के लोगों ने पुलिस को बताया है कि हलधर का परिवार उनके मोहल्ले में एक महीना पहले ही आया था। इन लोगों ने यहां किराए का मकान लिया था। ये मकान एजबेस्टस की छत वाला है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि वे भी घटना से हतप्रभ हैं कि आखिर एक हंसता खेलता परिवार कुछ देर में ही कैसे बर्बाद हो गया। आखिर क्यों महिला ने ऐसा किया।

चार घंटे में उजड़ गया परिवार

हलधर 11.55 पर अपने घर आया था। पत्नी के साथ खाना खाने और बेटी के साथ खेलने के बाद वो दोपहर बाद दो बजे घर से ड्यूटी के लिए निकल गया। शाम छह बजे घर लौटा तो खिड़की से देखा कि पत्नी व बेटी का शव लटक रहा है। इस तरह, चार घंटे में इस परिवार की खुशियां छिन गईं।

chat bot
आपका साथी