Police Remembrance Day: पुलिस संस्मरण दिवस पर लगाई गई हथियारों की प्रदर्शनी, परेड में शामिल हुए डीजीपी

पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को रांची समेत अन्य जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रांची जैप 1 में संस्मरण दिवस परेड में राज्य के डीजीपी शामिल हुए। मौके पर हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 09:32 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 09:32 AM (IST)
Police Remembrance Day: पुलिस संस्मरण दिवस पर लगाई गई हथियारों की प्रदर्शनी, परेड में शामिल हुए डीजीपी
पुलिस संस्मरण दिवस पर रांची समेत अन्य जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

रांची, जाटी। पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को रांची समेत अन्य जिलों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रांची जैप 1 में संस्मरण दिवस परेड में राज्य के डीजीपी नीरज सिन्हा शामिल हुए। मौके पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। साथ ही परिसर में हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई है। डीजीपी ने इसके बारे में जानकारी ली। आत्मसमर्पण करने के बाद मुख्य धारा में लौटे पूर्व माओवादी एवं अन्य पूर्व के उग्रवादियों ने ब्लड डोनेट किया।  21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रींग में चीनी सेना के आक्रमण में सीआरपीएफ अधिकारी करम सिंह अपने 20 साथियों के साथ शहीद हो गए थे। तब से 21 अक्टूबर को पुलिस संस्मरण दिवस मनाया जाता है।

पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को जैप 1 के परेड मैदान में श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर बलिदानियों को याद किया गया। डीजीपी नीरज सिन्हा ने शहीदों के स्मारक पर पुष्प अर्पित किया। डीजीपी द्वारा शहीद सम्मान समारोह के मौके पर बलिदान देने वाले पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। डीजीपी ने कहा कि राज्य गठन से अब तक कई अधिकारी और जवान आंतरिक सुरक्षा में अपनी जान गंवा चुके हैं। डीजीपी ने कहा कि हम उन शहीद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने समाज में शांति व विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपना बलिदान दिया है।

जैप 1 कमांडेंट अनीश गुप्ता ने कहा कि पिछले एक वर्ष में पूरे देश में 377 पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी है। जो शहीद हुए हैं उनमें आंध्र प्रदेश के 11, अरुणाचल प्रदेश के 3, असम के 7, बिहार 6, छत्तीसगढ़ 32, हिमाचल प्रदेश 4, झारखंड 4, कर्नाटक 16, केरल 2, मध्यप्रदेश 15, मणिपुर 3, मेघालय 1, ओडिसा 4, पंजाब 2, राजस्थान 2, तमिलनाडु 2, यूपी 4, उत्तराखंड 3, पश्विम बंगाल 17, चंडीगढ़ 2, अंडमान निकोबार 2, दिल्ली 6, जम्मूकश्मीर 17, लदाख 1, असम राइफल्स 3, बीएसएफ 47, सीआइएसएफ 8, सीआरपीएफ 82, आइटीबीपी 54, एनएसजी 8, एसएसबी 5, आरपीएफ 8 व अन्य शामिल हैं। राज्य के पुलिसकर्मियों हवलदार देवेंद्र कुमार पंडित, किरण सुरीन, भारद्वाज साह और दुलेश्वर दास ने अपनी शहादत दी।

इस अवसर पर हथियारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। एके 47, साढ़े 7 केजी का बुलेटप्रूफ जैकेट, स्निपर, लाइट मशीनगन एलएमजी, कार्बन मशीन गन, 15 केजी का बम डिस्पोजल जैकेट आदि लगाई गई है। इसके अंदर 2 सी बोतल रखा जाता और इस बोतल में पानी के साथ आइस होता है। इसे चार्ज किया जा सकता है। बलिदानियों की याद में जैप 1,2,आइआरबी, जैप वन की महिला पुलिसकर्मी कुंती गुरुंग, सृजना सुब्बा, शोभा छेट्री, रेखा तमांग ने रक्तदान किया। वहीं डीआइजी पंकज कंबोज , एडीजी अभियान संजय आनंद लाटकर, जैप 2 कमांडेंट इंद्रजीत महंथा, जैप 1 कमांडेंट अनीश गुप्ता ने भी रक्तदान किया। इस अवसर पर समर्पण कर चुके नक्सलियों ने भी रक्तदान किया।

chat bot
आपका साथी