अरगोड़ा समेत कई इलाकों में फिर हुआ जलभराव, फेल हुआ नगर निगम

राजधानी में शनिवार की रात हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलजामव हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Aug 2021 06:30 AM (IST) Updated:Mon, 09 Aug 2021 06:30 AM (IST)
अरगोड़ा समेत कई इलाकों में फिर हुआ जलभराव, फेल हुआ नगर निगम
अरगोड़ा समेत कई इलाकों में फिर हुआ जलभराव, फेल हुआ नगर निगम

जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी में शनिवार की रात हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। राजधानी के अरगोड़ा, हिदपीढ़ी, कडरू, कोकर, दीपाटोली आदि इलाके में जलभराव हो गया। सड़कें लबालब थीं। कटहल मोड़ स्थित एकलव्य अपार्टमेंट के बेसमेंट में फिर पानी भर गया था। हालांकि इस बार एकलव्य अपार्टमेंट के रहने वाले पहले से अलर्ट थे और पानी निकालने का इंतजाम कर लिए थे। दोपहर तक पानी निकाल दिया गया। अरगोड़ा में सड़क पर भी जलभराव रहा। इससे लोगों को आने-जाने में भी दिक्कत हुई।

राजधानी के निजाम नगर में भी जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। कई घरों में पानी घुस गया। जेल तालाब के बगल में लाइन टैंक रोड पर भी जलभराव से दिक्कत रही। पंचशील नगर के एक मोहल्ले में जलभराव से लोग घरों से नहीं निकल सके। गौरतलब है कि राजधानी का ड्रेनेज सिस्टम ठीक नहीं है। नगर निगम ने दावा किया था कि नालों की सफाई करा दी गई है। लेकिन, शायद ठेकेदारों ने नालों की सफाई में लापरवाही बरती है। इसी के चलते बरसात का पानी नहीं निकल पा रहा है और जलभराव हो जाता है। राजधानी में हर साल जलभराव होता है।

नगर निगम के अधिकारी हर साल दावा करते हैं कि इस साल ड्रेनेज सिस्टम को ठीक किया जाएगा। लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी ड्रेनेज सिस्टम अब तक सुधारा नहीं जा सका है। बरसात में ही अधिकारी ड्रेनेज सिस्टम की फिक्र करते हैं और इसके बाद फाइलें अलमारी में रख दी जाती हैं। जिन इलाकों में जलभराव हो रहा है। उस इलाके के लोगों में नगर निगम के प्रति काफी आक्रोश है।

---

अरगोड़ा में पांच मोटर और तीन डिसिल्टिग मशीन लगाने पर भी नहीं निकल सका पानी

जागरण संवाददाता, रांची : शनिवार की रात हुई तेज बरसात के बाद अरगोड़ा में वसुंधरा अपार्टमेंट के पास सड़क पर तकरीबन 6 फीट तक पानी भर गया। मगर, जलभराव से लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। जलभराव की जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार नगर प्रबंधक विजेंद्र कुमार आदि मौके पर पहुंचे और सुबह से लेकर देर रात तक मोटर चला कर पानी निकाला गया। यहां सड़क काट कर पानी निकालने का रास्ता भी बनाया गया है और पानी तेजी से निकल रहा है। इसके बावजूद देर रात तक जलभराव बना रहा।

जल जमाव की निकासी को लेकर बैठक

जासं, रांची: दीपाटोली स्थित न्यू बांधगाड़ी में महानगर भाजपा उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह पटेल के आवास परिसर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि नाली की सफाई मजदूरों के द्वारा करवाया जाएगा। नाली की क्षमता बढ़ाने,साईं इंक्लेव के पास पुलिया के निर्माण कराने के साथ ही विकल्प के रूप में न्यू नगर वाली सड़क में जोड़ने का निर्णय लिया गया। इस कार्य के लिए संबंधित पदाधिकारियों से मिलकर आवेदन दिया जाएगा। ताकि निर्माण कार्य हो सके। मौके पर पूर्व विधायक डा जितुचरण राम, मनोज सिंह, कविलाश कुमार, प्रवीण सिंह, संतोष कुमार, निशान्त झा, अविनाश सिंह, प्रभात सिंह, राजीव पांडेय, बलराम यादव, विक्रम सिंह, अवधेश सिंह, बिनोद सिंह के साथ अन्य लोग मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी