विराट कोहली के पिता बनने पर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी, दे रहे बधाई संदेश
Virat Anushka विराट कोहली के पिता बनने पर इंटरनेट मीडिया ट्टिवर पर एक यूजर ने लिखा कि हमारे समय के सभी महान क्रिकेटर धौनी रोहित शर्मा व विराट कोहली में एक चीज कॉमन है। वह यह कि तीनों एक बेटी के पिता हैं।
रांची, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा माता-पिता बन गए हैं। आज दोपहर बाद अनुष्का शर्मा ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। क्रिकेटर-अभिनेत्री दंपती को बेटी के जन्म होने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में खुशी दिखाई दे रही है। इंटरनेट मीडिया पर भी क्रिकेट प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे हैं। झारखंड के कई क्रिकेट प्रेमियों ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि पूर्व कप्तान एमएस धौनी बेटी के पिता बने, अब वर्तमान कप्तान विराट कोहली भी एक बेटी के पापा बन गए हैं। लगता है, विराट भी महेंद्र सिंह धौनी की राह पर चल रहे हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के शहर रांची में क्रिकेट का काफी क्रेज है। यहां के क्रिकेटप्रेमी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को लेकर खासे उत्साह में रहते हैं। सोमवार को जैसे ही विराट कोहली के पिता बनने की खबर आई, प्रशंसकों ने फोन कर एक-दूसरे को बधाई दी। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को पहली संतान के तौर पर लक्ष्मी रूपी बेटी मिलने पर सबने दिल खोलकर नेमतें बरसाईं।
इंटरनेट मीडिया ट्टिवर पर एक यूजर ने लिखा है कि हमारे समय के सभी महान क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली में एक चीज कॉमन है, और वह है कि तीनों एक बेटी के पिता हैं। बता दें कि एमएस धौनी की एक बेटी जीवा और रोहित शर्मा की बेटी समायरा शर्मा है।
इंटरनेट मीडिया पर कई यूजर ने जीवा की छोटी बहन कहते हुए विराट की बेटी का स्वागत किया है। एक यूजर ने तो आज के दिन को क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहतरीन दिन बताया है। बता दें कि आज भारत और ऑस्टेलिया के बीच समाप्त हुआ तीसरा टेस्ट ड्रॉ खेला गया। एक समय इस मैच में ऑस्ट्रेलिया टीम की जीत पक्की नजर आ रही थी। दूसरी ओर आज ही विराट के पापा बनने की खबर आई।
विराट कोहली ने आज दोपहर बाद 4:11 बजे अपने ट्विटर अकांउट पर यह जानकारी साझा की। कहा कि हमारे यहां बेटी हुई है। अनुष्का और हमारी बेटी दोनों बिल्कुल ठीक हैं। उन्होंने अपने प्रशंसकों से यह भी कहा कि आप यह समझते होंगे कि हमें अभी प्राइवेसी चाहिए होगी।