VHP: मतांतरण के खेल पर रोक व घर वापसी के लिए अभियान चलाएगी विहिप, कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने की घोषणा

VHP विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि झारखंड सहित कई राज्यों में धोखा लालच और दबाव के बल पर अवैध रूप से मतांतरण का खेल चल रहा है। अवैध रूप से मतांतरण के खेल पर लगाम लगाने के लिए विहिप अभियान चलाएगी।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 02:03 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 02:03 PM (IST)
VHP: मतांतरण के खेल पर रोक व घर वापसी के लिए अभियान चलाएगी विहिप, कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने की घोषणा
विहिप के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि परिषद मतांतरण के खेल पर लगाम लगाने को अभियान चलाएगी।

रांची, जासं। विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि झारखंड सहित कई राज्यों में धोखा, लालच ओर दबाव के बल पर अवैध रूप से मतांतरण का खेल चल रहा है। अनुसूचित जाति, जनजाति एवं गरीब लोगों का मतांतरण कराने में कई संगठन लगे हैं। अवैध रूप से मतांतरण के खेल पर लगाम लगाने और उनकी घर वापसी के लिए विहिप झारखंड सहित पूरे देश में अभियान चलाएगी।

इसके लिए कौशल विकास और सेवा कार्यों में तेजी लाई जाएगी। एकल अभियान के माध्यम सै झारखंड में आठ हजार व देश में एक लाख से अधिक विद्यालय चल रहे हैं। विहिप अपने स्तर से भी सेवा के कामों को और बढ़ाएगी। इसके साथ ही केंद्र और राज्य सरकार पर भी अवैध रूप से चल रहे मतांतरण और लव जिहाद को रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाने के लिए दबाव बनाएगी। वे अपने तीन दिनों के झारखंड प्रवास के अंतिम दिन शनिवार को रांची के आरोग्य भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि धोखे से किया गया मतांतरण समाज में तनाव पैदा करता है। चक्रधरपुर के करंजों में जिस तरह का शिक्षा के साथ साथ स्वरोजगार का काम एकल अभियान कर रहा है, वह काबिले तारीफ है। इससे उस इलाके में मतांतरण में कमी आई है। इसके बाद भी कुछ संगठन मतांतरण के लिए लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य का लालच देकर बहलाने में लगे हैं। इस पर रोक के लिए समाज से भी आगे आने का आग्रह कर रहे हैं।

आलोक कुमार ने कहा कि जो लोग घर वापसी करेंगे उनके लिए रोजगार की व्यवस्था, पीएम मुद्रा योजना से लोन, स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। कई स्थानों पर काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजाति समाज आज भी अपनी विशिष्टताओं को बनाए हुए है। वे हिंदू समाज के अंग हैं। कुछ लोग उन्हें गैर हिंदू बनाने में लगे हैं।

हिंदू मंदिर और धर्मस्थल हिंदुओं के हवाले किया जाए

आलोक कुमार ने कहा कि देश में जितने भी हिंदू मंदिर और धर्मस्थल सरकार के अधीन हैं, उन्हें हिंदुओं के हवाले किया जाए। इसके लिए केंद्र सरकार से कानून बनाने की मांग की गई है। जनता का भी दबाव बनाने की तैयारी चल रही है। विहिप की टीम पूरे देश में प्रवास कर रही है। संतों से मिल रहे हैं।

अपने बल पर चलाएं बङा परिवार

नई जनसंख्या नीति के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में आलोक कुमार ने कहा कि नीति ऐसी बने जिसे सभी लोग मानें। उस नीति में छोटा परिवार रखने की बात हो। इस नीति को कुछ लोगों द्वारा नहीं मानने पर देश के कई इलाकों में जनसंख्या असंतुलन उत्पन्न होता है। वैसी स्थिति में जो नीति बने, उसमें यह भी हो कि जो लोग बङा परिवार रखना चाहते हैं वे अपने खर्च से रखें। सरकार पर बोझ नहीं बनें।

2024 के बाद काशी और मथुरा के लिए करेंगे आंदोलन

विहिप कार्याध्यक्ष ने कहा की अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन रहा है। जनवरी 2024 से लोग दर्शन करने लगेंगे। राममंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद कृष्ण जन्मस्थान मथुरा और काशी में विश्वनाथ मंदिर की मुक्ति के लिए आंदोलन करेंगे। इस मौके पर विहिप के क्षेत्र अध्यक्ष राम स्वरूप रूंगटा, प्रांत कार्याध्यक्ष तिलक राज मंगलम, क्षेत्र मंत्री वीरेंद्र विमल, प्रांत मंत्री बीरेंद्र साहू उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी