टो-अवे जोन में खड़ी एक चार पहिया व 15 दो पहिया वाहन जब्त, कागजात की जांच के बाद छोड़ेगी पुलिस
उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन के नेतृत्व में शहर के नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत कचहरी चौक से लेकर अलबर्ट एक्का चौक तक यह अभियान चलाया गया। इस दौरान 15 दो पहिया वाहन व एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया।
रांची, जासं । उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन के नेतृत्व में शहर के नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके तहत कचहरी चौक से लेकर अलबर्ट एक्का चौक तक यह अभियान चलाया गया। इस दौरान 15 दो पहिया वाहन व एक चार पहिया वाहन को जब्त किया गया। अभियान के दौरान जब्त किये गये वाहनों को नागाबाबा खटाल स्थित निगम परिसर में ले जाया गया। यहां पर परिवहन विभाग द्वारा निर्धारित फाइन के भुगतान के बाद अब वाहनों को छोड़ा जाएगा।
25 जगहों को निगम ने बनाया टो-अवे जाेन
शहर के सड़कों को जाममुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम द्वारा एक सप्ताह पहले ही शहर के 25 जगहों को टो-अवे जोन घोषित किया गया है। इसके तहत इन जगहों पर साइन बोर्ड भी लगाया गया है। इस संबंध में उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन ने कहा कि हम शहरवासियों से यह अपील करते हैं कि वे वाहन को यत्र-तत्र सड़क पर न लगाएं। यहां वहां वाहन खड़ा रखने से शहर जाम हो रहा है। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए लोग अपने वाहन को पार्किंग में ही खड़ा करें।
ये हैं टो-अवे जोन
कचहरी रोड स्थित रांची नगर निगम का नया भवन व अटल वेंडर मार्केट, रेडियम रोड, मेन रोड, रोसपा टॉवर, कचहरी रोड में गोपाल कम्पलेक्स, नागा बाबा खटाल, फिरायालाल चौक, लालपुर चौक, जेवियर कॉलेज, आर्किड हॉस्पिटल, पेंटालून लालपुर, किशोरगंज चौक, हरमू चौक, सर्कुलर रोड, वूमेंस कॉलेज, कांटा टोली चौक, कोकर चौक, करमटोली चौक शामिल हैं।