लोहरदगा में वृद्धा से 5 लाख रुपये ठगी मामले में मुखिया समेत दो गिरफ्तार Lohardaga News
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना पुलिस ने वृद्धा से 5 लाख रुपए की ठगी के मामले में बुटी पंचायत के मुखिया विष्णु उरांव के साथ एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सेन्हा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सेन्हा थाना अंतर्गत...
लोहरदगा (जागरण संवाददाता) । लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना पुलिस ने वृद्धा से 5 लाख रुपए की ठगी के मामले में बुटी पंचायत के मुखिया विष्णु उरांव के साथ एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सेन्हा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सेन्हा थाना अंतर्गत कंडरा डूमर टोली गांव निवासी बूटी पंचायत के मुखिया विष्णु उरांव को उसके घर से गिरफ्तार करने में सफलता पाई। मुखिया के निशानदेही पर एक अन्य आरोपी धर्मवीर भगत को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया जाता है कि वृद्धा फुलमनी उरांव से 5 लाख रुपए की ठगी के मामले में मुखिया विष्णु उरांव फरार चल रहा था।
मुखिया विष्णु उरांव पर कंडरा चौक निवासी स्वर्गीय पारसनाथ भगत की पत्नी फूलमनी उरांव (65 वर्ष) से ठगी का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि फुलमनी उरांव को उसके पति के दुर्घटना में निधन पर मुआवजे के रूप में 5.18 लाख रुपए मिले थे। जिसे बूटी पंचायत के मुखिया विष्णु उरांव और कोरांबे पंचायत के मुखिया एतवा उरांव ने ठगी कर लिया था। इस मामले को लेकर पीड़ित फुलमनी उरांव ने सेन्हा थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद से मुखिया फरार चल रहा था। इस मामले में न्यायालय से वारंट जारी था। जिसपर कार्रवाई करते हुए सेन्हा थाना पुलिस ने मुखिया समेत एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।