Top Ranchi News of the Day, 31st May 2020, विमान से आए प्रवासी, मन की बात, एक कोरोना मरीज मिला, भालू के हमले में 2 घायल, एक जून से नहीं खुलेंगे स्‍कूल

Top Ranchi News of the Day 31st May 2020. पढ़ें रविवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 04:58 PM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 04:58 PM (IST)
Top Ranchi News of the Day, 31st May 2020, विमान से आए प्रवासी, मन की बात, एक कोरोना मरीज मिला, भालू के हमले में 2 घायल, एक जून से नहीं खुलेंगे स्‍कूल
Top Ranchi News of the Day, 31st May 2020, विमान से आए प्रवासी, मन की बात, एक कोरोना मरीज मिला, भालू के हमले में 2 घायल, एक जून से नहीं खुलेंगे स्‍कूल

रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 31st May 2020 - रविवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। मुंबई से रविवार काे चार्टर्ड प्‍लेन से प्रवासी मजदूर रांची आए। पीएम मोदी की मन की बात को रांची में श्रमिकों ने सांसद के साथ सुना। रांची में रविवार को दोपहर में कोरोना का एक मरीज मिला है। भालू के हमले में दो युवक जख्‍मी हो गए। कोई दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण सरकारी स्‍कूल एक जून से नहीं खुलेंगे। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

मुंबई से 189 प्रवासी मजदूर एयर एशिया के विमान से आए रांची

रविवार को 189 प्रवासी मजदूर मुंबई से एयर एशिया के चार्टर्ड विमान से रांची पहुंचे। इन प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के लिए नेशनल लॉ स्कूल के पूर्ववर्ती छात्रों ने न सिर्फ फंड जुटाया, बल्कि मुंबई में फंसे प्रवासी मजदूरों को ढूंढ-ढूंढ कर निकाला। रविवार की सुबह 8:30 बजे एयर एशिया का विमान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा तो इन प्रवासी मजदूरों ने राहत की सांस ली। प्रवासी मजदूरों ने बताया कि मुंबई की स्थिति अच्छी नहीं है। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण से लोग डरे-सहमे हुए हैं। लॉकडाउन की बढ़ती मियाद के कारण दूसरे राज्यों से आए लोग आर्थिक तंगी के शिकार हो चुके हैं। पिछले दो माह से काम-धंधा बंद होने के कारण मुंबई में एक-एक दिन काटना मुश्किल हो चुका था।

रांची में सैकड़ों श्रमिकों ने सुनी पीएम मोदी की मन की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार को मन की बात कार्यक्रम में देश को संबोधित किया। रांची के पंडरा कृषि बाजार प्रांगण में भी हजारों की संख्या में मजदूर-श्रमिकों ने पीएम की बातों को ध्‍यान से सुना। यहां पर पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे। श्रमिकों ने पीएम मोदी की करोना संकट के बचाव पर कही गई बातों को अपने जीवन में अमल में लाने का संकल्प दोहराया। प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में मजदूरों पर आई विपदा, भुखमरी की नौबत, बीमारी और घर परिवार पालने की चुनौती को लेकर उन्हें समझाया। इस अवसर पर स्थानीय सांसद संजय सेठ ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या के लिए वह हमेशा खड़े रहेंगे।

रांची में कोरोना का एक और पॉजिटिव मामला, कुल 130 केस में से 106 स्‍वस्‍थ

रांची में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव का मामला सामने आया है। कोरोना संक्रमित व्‍यक्ति सूचना भवन स्थित आइआइएम का एक कर्मचारी बताया जा रहा है। रविवार को इसकी पुष्टि स्वास्थ्य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने की है। अब रांची में कोरोना मरीजों की संख्‍या 130 हो गई है। बताया जा रहा है कि इस व्‍यक्ति ने निजी लैब में कोरोना की जांच कराई थी। जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे रिम्स कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। रांची में कोरोना के कुल 130 मामले हैं। इसमें अब तक दो की मौत हो गई है। इसके अलावा अब तक 106 कोरोना पॉजि‍टिव स्‍वस्‍थ हो गए हैं।

लापुंग में भालू के हमले में 2 युवक जख्‍मी, अस्‍पताल में भर्ती

रांची जिले के लापुंग इलाके में दो युवक भालू के हमले का शिकार हो गए। युवक अपने घर से पास के इलाके में निकले थे। इसी दौरान जंगल से निकले भालू ने उन पर हमला कर दिया। उनके शरीर में कई जगह चोट आई है। एक युवक का नाम एपरेन आइंद तथा दूसरे का नाम सनिका है। प्रखंड के दानीकेरा पोडहा टोली निवासी सनिका मुण्डा रविवार की सुबह 5 बजे के आसपास शौच के लिए बगल के तलाब के पास गया हुआ था। तभी भालू ने पीछे से हमला कर दिया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस से घायल को सीएसी लापुंग लाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया।

झारखंड में एक जून से नहीं खुलेंगे सरकारी स्‍कूल

सरकारी स्कूलों में एक जून से पढ़ाई शुरू नहीं होगी। झारखंड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने अपने उस आदेश को निरस्त कर दिया है जिसके तहत एक जून से स्कूलों में निर्धारित शर्तों के तहत कक्षा आठ से बारहवीं की पढ़ाई शुरू करने की बात कही गई थी। हालांकि स्कूलों में अन्य गतिविधियां एक जून से हो सकेंगी। जैसे स्कूलों में नामांकन तथा किताब वितरण आदि कार्य होंगे, जिसके लिए न्यूनतम दो शिक्षक स्कूल आएंगे। अब 15 जून से भी सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू होने की संभावना नहीं दिख रही है। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को यह निर्देश जारी कर दिया गया है।

chat bot
आपका साथी