Top Ranchi News of the Day, 24th June 2019, पीएम किसान, रांची में शिवराज, कांग्रेस का प्रदर्शन, 33 लाख की ठगी, एएनएम का धरना

Top Ranchi News of the Day 24th June 2019. सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 24 Jun 2019 06:35 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jun 2019 08:01 PM (IST)
Top Ranchi News of the Day, 24th June 2019, पीएम किसान, रांची में शिवराज, कांग्रेस का प्रदर्शन, 33 लाख की ठगी, एएनएम का धरना
Top Ranchi News of the Day, 24th June 2019, पीएम किसान, रांची में शिवराज, कांग्रेस का प्रदर्शन, 33 लाख की ठगी, एएनएम का धरना

रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the day 24th June 2019  - सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। राज्‍य के पांच लाख किसानों के खाते में गए 2-2 हजार रुपये। भाजपा का आधार बढ़ाने रांची पहुंचे शिवराज सिंह। बिजली पानी को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन। 33 लाख की ठगी में दो धराए। स्‍थायीकरण को लेकर एएनएम ने दिया धरना। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।

झारखंड के पांच लाख किसानों के खाते में गए 2-2 हजार

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सोमवार को झारखंड के पांच लाख किसानों के बैंक खातों में 2-2 हजार रुपये की राशि भेजी गई। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची के होटवार में आयोजित कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से बटन दबाकर राशि भेजी। इसके अलावा किसानों के बीच खाद और बीज का भी वितरण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के खाते में राशि हस्तांतरण से अन्नदाताओं के चेहरे पर संतोष और हर्ष देखकर मन प्रफुल्लित हो उठा है। कार्यक्रम में कृषि मंत्री, मुख्य सचिव, कृषि सचिव के अलावा पूरे राज्य से काफी संख्या में आए किसान उपस्थित थे।

झारखंड में पार्टी का आधार बढ़ाने आए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

राज्य में 15 लाख नए सदस्य बनाने के लक्ष्य को लेकर भाजपा संगठन विस्तार की कवायद में जुटी है। इसी के तहत सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान रांची पहुंचे। यहां वे देश पदाधिकारियों, जिला सदस्यता प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रमंडल प्रभारी, सांसद-विधायक, आयोग-बोर्ड के अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष मोर्चा के सदस्यता प्रभारी सह प्रभारी के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सदस्यता अभियान की तैयारियों पर विस्तृत विमर्श किया जाएगा। झारखंड में भी छह जुलाई से भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू किया जा रहा है।

बिजली-पानी-रोजगार को लेकर कांग्रेस ने किया सीएम आवास का घेराव

झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने राज्य में बिजली, पानी, रोजगार की कमी को लेकर सोमवार को रांची में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। इसमें सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के अलावा आलमगीर आलम, कुमार गौरव, आलोक दुबे, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। हालांकि पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया। असफल होने पर लाठियां भी चटकाई। इसके बाद कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बस में भरकर थाने ले गए।

सेना के अधिकारी से 33 लाख की ठगी के मामले में दो धराए

सेना में कर्नल रैंक के अधिकारी नितिन कुमार सिंह से 33 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो लोग गिरफ्तार किए गए हैं। एक की गिरफ्तारी दिल्ली से जबकि दूसरे को रांची से गिरफ्त में आया है। साइबर थाना की पुलिस एक आरोपी को दिल्ली से पकड़कर रांची लाई। आरोपी को रांची लाए जाने के बाद घटना की जानकारी लेन के लिए डीजपी केएन चौबे रांची स्थित साइबर थाना पहुंचे। आरोपियों ने सेना के अधिकारी से एस्कॉर्ट सर्विस की साइट स्कॉक्का और लोकेंटो के जरिए ठगी की थी।

अपनी मांगों को लेकर एएनएम ने दिया धरना, बेमियादी हड़ताल शुरू

स्थायीकरण की मांग को लेकर राज्य भर की एएनएम ने राजभवन के सामने सोमवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद धरने पर बैठ गईं। राज्य भर की एएनएम राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत अनुबंध पर कार्य कर रही हैं। धरने के साथ ही उनकी बेमियादी हड़ताल शुरू हो गई है। इससे राज्य में गुरुवार और शनिवार को होने वाला टीकाकरण अभियान प्रभावित होने की संभावना है। राज्य में करीब 4000 एएनएम-जीएनएम हैं।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी