वाह रे अफसरशाही! 461 वर्ष उम्र वाले भी मनरेगा मजदूर...पढ़ें खास रिपोर्ट

झारखंड में अधिकारी व कर्मी आंख मूंदकर फाइल पर कैसे हस्ताक्षर कर रहे हैं इसकी बानगी केंद्र की महत्‍वाकांक्षी योजना मनरेगा में देखी जा सकती है। 450 साल के मजदूर यहां काम कर रहे हैं।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sat, 08 Jun 2019 07:51 AM (IST) Updated:Sat, 08 Jun 2019 04:31 PM (IST)
वाह रे अफसरशाही! 461 वर्ष उम्र वाले भी मनरेगा मजदूर...पढ़ें खास रिपोर्ट
वाह रे अफसरशाही! 461 वर्ष उम्र वाले भी मनरेगा मजदूर...पढ़ें खास रिपोर्ट

चतरा, [जुलकर नैन]। जी हां, चौकिये नहीं। आम तौर पर इंसान की उम्र सौ वर्ष या उसके आसपास होती है। सौ के करीब जाकर आदमी कुछ कर पाने में लाचार हो जाता है। लेकिन, चतरा में वैसे भी इंसान हैं, जिनकी सरकारी दस्तावेज में उम्र 461 वर्ष हो रही है। वो पूरी तरह स्वस्थ हैं और मनरेगा मजदूर हैं। ऐसे इंसानों की संख्या एक दर्जन के करीब है और सौ से दो-ढाई सौ वर्ष वाले तो सैकड़ों में हैं।

ये सभी मनरेगा के तहत मजदूरी कर रहे हैं। इनमें से कुछ ने 22 दिनों तक काम किया है, तो कुछ ने 56 दिनों का। इस प्रकार सौ से अधिक वर्ष वाले जितने भी मजदूर हैं, वे मनरेगा में काम कर भुगतान भी प्राप्त कर चुके हैं। सुनने में हास्यास्पद जरूर लग रहा होगा, लेकिन मनरेगा का रिकार्ड खंगालने पर यह सब कुछ आपको मिल जाएगा। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम के तहत मजदूरों का बनाया गया जॉबकार्ड में उम्र का उल्लेख है। 

हंटरगंज प्रखंड के करमा पंचायत के गोबरडीह गांव के महंगु यादव की उम्र जॉबकार्ड में 458 वर्ष है। महंगु यादव चालू वित्त वर्ष में अब तक 27 दिनों का काम कर चुके हैं और उन्हें मजदूरी का भी भुगतान कर दिया गया है। इसी गांव की कांति देवी की उम्र जॉबकार्ड में 461 वर्ष अंकित है। कांति देवी को बीस दिनों का काम मिला है। यह बानगी है कि सरकारी विभागों में किस तरह काम होता है। अधिकारी सिर्फ फाइल पर हस्ताक्षर करने की औपचारिकता निभाते हैं, यह भी नहीं देखते हैं कि उसमें तथ्य क्या है। 

केस स्टडी-1
प्रखंड का नाम  : हंटरगंज
पंचायत का नाम : करमा
गांव का नाम    : गोबरडीह
जॉबकार्डधारी का नाम : कांति देवी
जॉबकार्ड आइडी : जेएच-17-001-015-009/460
उम्र  :       461 वर्ष 

केस स्टडी-2
प्रखंड का नाम : हंटरगंज
पंचायत का नाम : करमा
गांव का नाम    : गोबरडीह
जॉबकार्डधारी का नाम : महंगु यादव
जॉबकार्ड आइडी :  जेएच-17-001-015-009/457
उम्र  :       458 वर्ष 

केस स्टडी-3
प्रखंड का नाम : हंटरगंज
पंचायत का नाम : करमा
गांव का नाम    : बसरिया
जॉबकार्डधारी का नाम : नारायण यादव
जॉबकार्ड आईडी : जेएच-17-001-015-003/417
उम्र  :       227 वर्ष 

केस स्टडी-4
प्रखंड का नाम : चतरा
पंचायत का नाम : ब्राह्मणा
गांव का नाम    : गेरी
जॉबकार्डधारी का नाम : अनिल यादव
जॉबकार्ड आईडी : जेएच-17-005-018-005/442
उम्र  :       444 वर्ष 

मानवीय भूल से ऐसा हुआ है। यह बहुत बड़ा कारण नहीं है। जॉबकार्ड में कुछ लोगों की उम्र सीमा अधिक चढ़ गया हो, तो वैसे लोग संबंधित प्रखंड कार्यालय में जाकर त्रुटि को ठीक करवा सकते हैं। आनलाइन के कारण इस प्रकार की त्रुटियां होते रहती है। त्रुटियों को दूर किया जाता है। -मुरली मनोहर प्रसाद, डीडीसी, चतरा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी