Jharkhand Weather Update: रांची समेत झारखंड के दक्षिणी और उत्तर पूर्वी जिलों में होगी बारिश, जानें अपने जिले के मौसम का हाल
Jharkhand Weather Update राजधानी रांची में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन में एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
रांची, जासं। राजधानी रांची में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। आसमान में हल्के बादल भी दिख रहे हैं। आठ किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हल्की हवा चल रही है। शहर में आद्रता का स्तर 90 प्रतिशत तक है। सुबह आठ बजे शहर में 26 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। सुबह का मौसम सुहावना लग रहा है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज दिन में एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। इस दौरान 15 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। इससे शाम में रावण दहन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अंडमान समुद्र और बंगाल की खाड़ी में बडा कम दबाव का चक्रवातीय क्षेत्र अब पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी बना हुआ है। इसके अलगे 24 घंटे में उत्तर-उत्तर पश्चिम के तरफ बढ़ने की संभावना है। इसके कारण आंध्र प्रदेश और ओडीसा में भारी बारिश की संभावना है। वहीं इसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा। इसके कारण शुक्रवार को राज्य के रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुर, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम में ऐसा बदलाव अगले चार दिनों तक पूरे राज्य में देखने को मिलेगा।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे ज्यादा बारिश दुमका में 12 मिमी दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान साहिबगंज में 36.4डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सिस रिकार्ड किया गया।