Ranchi Municipal Corporation: रांची में महिलाओं के लिए बनेंगे पिंक टायलेट, चेंजिंग व फीडिंग रूम भी होंगे

Ranchi Municipal Corporation राजधानी रांची में महिलाओं के लिए पिंक टायलेटचेंजिंग व फीडिंग रूम भी बनेंगे। रांची नगर निगम इस पर 2.81 करोड़ रुपये खर्च करेगा। ये शौचालय आटोमेटिक होंगे। 8 लाख रुपये एक टायलेट पर खर्च होंगे। 27 पुरुष टायलेट भी बनाए जाएंगे।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 08:57 AM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 08:57 AM (IST)
Ranchi Municipal Corporation: रांची में महिलाओं के लिए बनेंगे पिंक टायलेट, चेंजिंग व फीडिंग रूम भी होंगे
राजधानी रांची में महिलाओं के लिए पिंक टायलेट,चेंजिंग व फीडिंग रूम भी बनेंगे।

रांची{मुजतबा हैदर रिजवी}। राजधानी रांची में महिलाओं के लिए पिंक टायलेट बनेंगे। रांची नगर निगम ने महिलाओं के आटोमेटिक पिंक टायलेट के निर्माण का खाका तैयार कर लिया है। इन पिंक टायलेट में महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम और फीडिंग रूम भी बनाए जाएंगे। इनमें आटोमेटिक फ्लश, आटोमेटिक वाटर टैप के अलावा सेंसर लाइट भी लगाई जाएगी। डोर में सेंसर होगा जो महिला के सामने आने पर खुलेगा। इससे महिलाएं पिंक टायलेट में महफूज रहेंगी। एक टायलेट पर लगभग आठ लाख रुपये खर्च होने का आकलन है।

रांची नगर निगम पिंक व आटोमेटिक टायलेट का टेंडर जल्द निकालेगा। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार तक टेंडर जारी हो जाएगा। जिस कंपनी को टेंडर मिलेगा, उसे इसका तीन साल तक मेंटेनेंस भी देखना होगा। राजधानी में पहले चरण में 60 सीटों वाले कुल 10 पिंक टायलेट बनाने की योजना है। एक टायलेट में छह सीटें होंगी। फीडिंग रूम में महिलाएं अपने बच्चों को दूध पिला सकेंगी। इसके अलावा, चेंजिंग रूम का भी वह इस्तेमाल कर सकती हैं। पिंक टायलेट में एक सेनेटरी पैड मशीन भी होगी। यहां से उन्हें पैड उपलब्ध होगा।

इसके अलावा 27 पुरुष टायलेट भी बनाए जाएंगे। ये पुरुष टायलेट छह सीटों से लेकर 10 सीटों तक के होंगे। ये टायलेट भी आटोमेटिक होंगे। इनमें भी आटो वाटर टब, आटो फ्लश और सेंसर लाइटें होंगी। ये लाइटें दिन में खुद ब खुद बंद हो जाएंगी और रात में जल जाएंगीं। पूरी योजना पर 2.81 करोड़ रुपये खर्च होने का आकलन है। इस तरह, कुल 226 सीट के आटोमेटिक माड्यूलर टायलेट का निर्माण किया जाएगा।

वार्ड पार्षदों से ली जाएगी स्थानों की सूची : महिलाओं के पिंक टायलेट मोरहाबादी मैदान, अपर बाजार, सर्कुलर रोड, मेन रोड में चर्च कांप्लेक्स आदि समेत उन स्थानों पर बनाए जाएंगे जहां महिलाओं का ज्यादा आना-जाना है। स्थानों के बारे में वार्ड पार्षदों से सूची मांगी जाएगी। इस सूची को रांची नगर निगम बोर्ड से पास कराया जाएगा। बोर्ड जिन स्थानों की मंजूरी देगा वहीं इन टायलेट को स्थापित किया जाएगा।

गेट खुलते ही चलेगा फ्लश : इस आटोमेटिक टायलेट में आटोमेटिक फ्लश गेट से जोड़ा जाएगा। गेट खुलते ही फ्लश चलेगा। अगर किसी ने टायलेट का इस्तेमाल किया और वह बाहर निकलने के लिए गेट खोलेगा तो फ्लश चल जाएगा और जब कोई अंदर आने के लिए गेट खोलेगा तो फ्लश चल जाएगा। इस तरह, टायलेट की सफाई होती रहेगी।

टायलेट में कुछ छूने की नहीं होगी जरूरत : टायलेट में कुछ छूने की जरूरत नहीं होगी। पिंक टायलेट के गेट में ऐसे सेंसर लगे होंगे जो महिला के सामने आने पर खुले। इससे महिलाओं की सुरक्षा भी बढ़ जाएगी और टायलेट के चेंजिंग रूम का गलत इस्तेमाल नहीं होगा। राजधानी के स्मार्ट सिटी के कमांड रूम में विभिन्न प्रकार की तकनीक से लैस आटोमेटिक कैमरे लगाने वाली कंपनी विहान के इंजीनियर विनीत ने बताया कि इस तरह के सेंसर वाली तकनीक मौजूद है और इसका इस्तेमाल पिंक टायलेट में किया जा सकता है।

दिल्ली, नोएडा, रायपुर में भी बनाए गए हैं पिंक टायलेट : चार साल पहले दिल्ली में भी पिंक टायलेट बनाए गए थे। वहां भी चेंजिंग और फीडिंग रूम की व्यवस्था की गई थी। इसी तरह नोएडा में भी 2019 में पिंक टायलेट खोला गया था। रायपुर में भी महिलाओं के लिए पिंक टायलेट का निर्माण किया गया है।

रांची नगर निगम आटोमेटिक टायलेट बनाएगा। इसके लिए टेंडर जल्द जारी होगा। पूरे झारखंड में पहली बार इसकी शुरुआत की जा रही है।

रजनीश कुमार, उपनगर आयुक्त रांची नगर निगम

chat bot
आपका साथी