निगम में नहीं हो सकी मेयर की सफाई पर समीक्षा बैठक

रांची नगर निगम में मेयर द्वारा सफाई की योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 07:30 AM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 07:30 AM (IST)
निगम में नहीं हो सकी मेयर की सफाई पर समीक्षा बैठक
निगम में नहीं हो सकी मेयर की सफाई पर समीक्षा बैठक

जागरण संवाददाता, रांची : रांची नगर निगम में मेयर द्वारा सफाई की योजनाओं की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक आयोजित नहीं हो सकी। मेयर बैठक कक्ष में इंतजार करती रहीं लेकिन अधिकारियों के नहीं पहुंचने की वजह से बैठक नहीं हो सकी। काफी देर तक इंतजार करने के बाद मेयर अपने चेंबर में चली गईं। बैठक में उन्होंने नगर आयुक्त समेत सफाई व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को बुलाया था। लेकिन सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नगर आयुक्त मुकेश कुमार सफाई व्यवस्था से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ फील्ड विजिट पर चले गए। नगर आयुक्त मुकेश कुमार का शहर में सफाई की व्यवस्था का जायजा लेने का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था। इस वजह से वो मीटिग में नहीं आ सके।

मेयर ने निगम में दोपहर बाद 2:00 बजे से बैठक का इंतजार करने के बाद मेयर वापस चली गईं।

बाद में मेयर ने पत्रकारों से कहा कि राजधानी में अभी सफाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने नगर आयुक्त ने कई सवाल पूछे हैं। रांची में प्रतिदिन 715 टन कचरा निकलता है। लेकिन कचरा साफ नहीं हो पा रहा है। मेयर ने नगर आयुक्त से 17 बिदुओं पर सवाल पूछे हैं।

उन्होंने पूछा है कि कचरा उठाव कार्य के लिए कितने वाहन का प्रयोग हो रहा है। कितने वाहन चल रहे हैं। कितने वाहन खराब हैं। सफाई के काम के लिए नई एजेंसी से इकरार नामा के बाद कितना खर्च हो रहा है। वार्डों में सफाई की क्या स्थिति है। रेडियो फ्रिकवेंसी आईडेंटिफिकेशन चिप कितने घरों में लगाई गई। किस तरह कचरा उठाव की निगरानी की जाएगी। जोंटा कंपनी को 53 वार्ड में स्मार्ट डस्टबिन लगाना था। कितनी डस्टबिन लगाई जा चुकी हैं। सफाई के काम में लगे वाहनों पर कितने लीटर डीजल प्रतिदिन खर्च होता है। नगर आयुक्त ने बकरी बाजार में रखे कंडम वाहनों को हटाने का निर्देश दिया है। यहां कितने कंडम वाहन मौजूद हैं। झिरी स्थित डंपिग यार्ड में कूड़े का वजन कैसे किया जाता है। डंपिग यार्ड का सीसीटीवी कैमरा कई दिनों से खराब है। यह कब ठीक होगा। शहर की मुख्य सड़कों की सफाई की क्या स्थिति है। अशोक नगर कॉलोनी से कूड़े का उठाव सोसाइटी के जरिए कराया जाता है। फिर भी वहां अक्सर कूड़े का उठाव रांची नगर निगम के ट्रैक्टर से भी होता है। क्या अशोक नगर सोसायटी इस काम के लिए रांची नगर निगम को कोई भुगतान करती है। शहर में सफाई का निरीक्षण करने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम होने की वजह से मीटिग में शामिल नहीं हो सका। राजधानी की सफाई अहम मुद्दा है। डोर टू डोर कचरा उठाव और सफाई पर जोर दिया जा रहा है। जल्द ही डोर टू डोर कचरा उठाव की आनलाइन निगरानी शुरू हो जाएगी। इससे शहर साफ सुथरा रहेगा।

मुकेश कुमार, नगर आयुक्त रांची नगर निगम

chat bot
आपका साथी