नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी आज वास्को नगर में करेंगे जांच, नाली निर्माण का विरोध करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी

राजधानी के बास्को नगर में नाली निर्माण का विरोध कर रहे बस्ती वासियों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया था। नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर आज यानी मंगलवार को नगर निगम के इंजीनियरिंग शाखा के अभियंताओं की एक टीम बास्को नगर जाएगी।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 12:46 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 12:46 PM (IST)
नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी आज वास्को नगर में करेंगे जांच, नाली निर्माण का विरोध करने वालों पर दर्ज होगी प्राथमिकी
नगर निगम के बास्को नगर मुहल्ला के कई लोग नाली निर्माण का विरोध कर रहे हैं।

रांची,जासं। राजधानी के बास्को नगर में नाली निर्माण का विरोध कर रहे बस्ती वासियों ने सोमवार को जमकर हंगामा किया था। नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश पर आज यानी मंगलवार को नगर निगम के इंजीनियरिंग शाखा के अभियंताओं की एक टीम बास्को नगर जाएगी। बास्को नगर में उन लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जो नाली निर्माण का विरोध कर रहे हैं। सोमवार को स्थल पर हंगामा करने वालों के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही पुलिस के पहरे में नाली निर्माण का कार्य कराया जाएगा। सोमवार को नाली निर्माण का विरोध करने वालों ने बास्को नगर में जमकर हंगामा किया था।

बस्ती वासियों ने ठेकेदार के मजदूरों के साथ धक्का-मुक्की की थी। नाली निर्माण में लगी जेसीबी में तोड़फोड़ की थी और जेसीबी की चाबी चालक से छीन ली थी। हंगामा की जानकारी मिलने के बाद रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार को मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराने और नाली निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय के साथ मौके पर पहुंचे थे। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की। लेकिन लोग शांत नहीं हो रहे थे। लोगों का हंगामा लगातार जारी था। उनका कहना था कि वह हरगिज नाली निर्माण नहीं होने देंगे।

बस्ती वासियों का कहना था कि नाली निर्माण होने से दूसरे मोहल्ले का गंदा पानी उनके इलाके में आएगा। उनको समझाया गया कि पानी इधर से बड़े नाले में निकल कर नदी में चला जाएगा। मोहल्ले में नहीं रुकेगा। लेकिन लोग मानने के लिए तैयार नहीं थे। लोगों कहना था कि नाली दूसरी तरफ से बनाई जाए। जबकि उन्हें समझाया गया कि ढलान उनके इलाके की ही तरफ है। इसलिए नाली उसी तरफ से बनेगी। दूसरी तरफ से अगर नाली बनाई गई तो पानी नहीं निकलेगा। इस पर भी लोग तैयार नहीं हुए। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर नाली निर्माण शुरू होगा तो वह लोग हंगामा करेंगे। जब लोग नहीं माने तो अधिकारी वापस लौट गए।

इंजीनियरिंग शाखा को निर्देश दिया गया कि पूरे मामले की जांच कराएं और जिन लोगों ने हंगामा किया है, जेसीबी की चाबी छीनी है, जेसीबी में तोड़फोड़ की है उनकी सूची बनाकर पुलिस के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई जाए। निर्देश मिलने के बाद इंजीनियरिंग विभाग हंगामा करने वालों की सूची बनाने में जुट गया है। इंजीनियरिंग शाखा के अधीक्षण अभियंता का कहना है कि मंगलवार की शाम तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इंजीनियरिंग शाखा के कनीय अभियंताओं की एक टीम मंगलवार को बास्को नगर पहुंचकर मामले की जांच करेगी और इसके बाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएगी। अधिकारियों का कहना है कि नगर निगम के इंजीनियरिंग शाखा की टीम दोपहर बाद 2:00 बजे तक बॉस्को नगर पहुंचेगी।

chat bot
आपका साथी