बारिश में डूबी बेड़ो के सब्जी किसानों की आस

झमाझम बारिश हो रही है। इसमें सब्जी किसानों की आस डूब गई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 06:00 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 06:00 AM (IST)
बारिश में डूबी बेड़ो के सब्जी किसानों की आस
बारिश में डूबी बेड़ो के सब्जी किसानों की आस

संसू, बेड़ो : झमाझम बारिश हो रही है। इसमें सब्जी किसानों की आस डूब गई। कड़ी मेहनत व हजारों रुपये खर्च कर महीनों में फसल को तैयार करने वाले अन्नदाताओं पर बारिश कहर बरपा रही है।

प्रखंड क्षेत्र की 17 पंचायतों के किसानों की हरी सब्जी व दलहन की फसलें बर्बाद हो गई हैं। ऐसे में किसानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।

प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तीन दिनों से लगातार रुक-रुककर बारिश से सब्जी की फसलों वाले खेत जलमग्न हो गए हैं। इससे टमाटर, बैंगन, करेला, फूलगोभी, बंधगोभी व पालक आदि हरी सब्जी के फसलों का भारी नुकसान पहुंचा है। शिमला मिर्च, तीता मिर्चा, कद्दू, गोंगरा, झिगी व खीरा का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से पौधे काला पड़ने लगे है। मूंग व उड़द की फसल का भी नुकसान हुआ है।

बेड़ो सहित प्रखंड के नगड़ी टोली, चरिमा, कठरटोली, पुरियो, फदिलमर्चा, खत्री खटंगा, कराजी और केशा में लाखों रुपये की सब्जी फसल बर्बाद हो गई हैं। नगड़ी टोली के पवन महतो व बुधनाथ महतो का कहना है कि इस बार उन्होंने टमाटर व गोभी की सब्जियों की खेती की थी। टमाटर में फूल आ गया था। चरिमा गाव के पंकज कुजुर का कहना है कि हमने मूंग, उरद व करेला की खेती की थी जिसकी फसल लगातार बारिश से नष्ट हो रही है। प्रखंड के किसान ब्रजेश महतो, बलदेव महतो, पंचम महतो, बजरंग महतो, टुकरु उराव, महादेव उराव, पंकज कुजूर,विशेश्वर उराव, बुधराम महतो, चंदन महतो, ईश्वर महतो, दिनेश महतो, खदी उराव, संजय उराव, बंधना उराव, हुसैन अंसारी आदि ने कहा है कि बारिश से बहुत नुकसान हुआ है। किसानों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से क्षति का आकलन कराकर मुआवजा देने की माग की है।

chat bot
आपका साथी