झारखंड में चक्रवात 'जवाद' का दिख रहा असर, अगले तीन दिनों तक छाए रहेंगे बादल

झारखंड में भी चक्रवात जवाद का असर द‍िखने लगा है। शन‍िवार सुबह से ही कई ज‍िलों में मौसम बदला बदला नजर आया। माना जा रहा क‍ि इस चक्रवात के कारण अब और ठंड बढ़ जाएगी। आइए जानते हैं क‍ि आने वाले तीन द‍िनों तक मौसम कैसा रहेगा।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 07:20 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 07:20 PM (IST)
झारखंड में चक्रवात 'जवाद' का दिख रहा असर, अगले तीन दिनों तक छाए रहेंगे बादल
चक्रवात जवाद का असर अब झारखंड में द‍िखने लगा है। तीन द‍िनों तक मौस बदला नजर आएगा। जागरण

रांची (जागरण संवाददाता) : पश्‍च‍िम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर उठे चक्रवाती तूफान 'जवाद' का असर झारखंड में भी देखने को मिल रहा है। राजधानी रांची समेत प्रदेश भर में तापमान का पारा गिरने लगा है। शनिवार को दिन भर मौसम सर्द बना रहा। चार किमी की रफ्तार से बह रही ठंडी हवा के कारण लोग घरों में सिमटे रहे। कामकाजी लोग ही सड़कों पर दिखे।

बता दें कि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान जवाद पिछले 06 घंटों के दौरान चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लगभग उत्तर की ओर बढ़ता जा रहा है। इस वजह से कुछ दिनों तक इसका सीधा असर राज्य के सभी हिस्सों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की माने तो पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जिस कारण सबसे अधिक तापमान 30 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का और सबसे न्यूनतम तापमान डालटनगंज का 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

आने वाले तीन द‍िनों तक ये है पूर्वानुमान

आज प्रदेश के दक्षिणी, उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं तेज सतही हवा 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के दक्षिणी भागों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। राजधानी के आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होने की भी संभावना है। 06 दिसंबर को सुबह में कोहरा और धुंध रहेंगे और बाद में आंशिक बादल छाए रहेंगे। 07 दिसंबर को सुबह में कोहरा और धुंध रहेेंगे बाद में आसमान साफ रहेगा। 08 दिसंबर को भी सुबह में कोहरा और धुंध रहेगा बाद में आसमान साफ रहेगा।

चक्रवात 'जवाद' का हाल

पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान जवाद उत्तर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों की ओर बढ़ रहा है। जिस कारण मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए नारंगी संदेश जारी किया है। पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान जवाद पिछले 06 घंटों के दौरान चार किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लगभग उत्तर की ओर बढ़ता जा रहा है। जो कि पश्चिम मध्य खाड़ी के ऊपर केंद्रित हो रहा है। पूर्वानुमान की बात करें तो अगले 06 घंटों के दौरान लगभग उत्तर की ओर बढऩे और फिर ओडिशा तट के साथ उत्तर व उत्तर पूर्व की ओर बढऩे की संभावना है। जिसके बाद यह तूफान धीरे धीरे कमजोर होकर 05 दिसंबर की दोपहर के आसपास डीप डिप्रेशन के रूप में पुरी के पास पहुंच जाएगा। इसके बाद और कमजोर होने और ओडिशा तट के साथ-साथ पश्चिम बंगाल तट की ओर उत्तर व उत्तर-पूर्व की ओर बढऩे की संभावना है।

chat bot
आपका साथी