दो दिनों से गायब युवक का शव कुएं से बरामद
फादर्स डे के दूसरे दिन बेटे को मिला पिता का शव।
संसू, ओरमांझी : फादर्स डे के दूसरे दिन बेटे को मिला पिता का शव। थाना क्षेत्र के तापे के एक कुएं से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान गाव के शिवरतन बेदिया के 34 वर्षीय पुत्र सुखराम बेदिया के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वह शनिवार से लापता था। उसकी पत्नी रेखा देवी दो दिन से ढूंढ रही थी। नहीं मिलने से वह परेशान थी। तीसरे दिन सोमवार को उसके 13 वर्षीय बेटे एतवा बेदिया ने घर के नजदीक स्थित एक कुएं से पिता के शव को ढूंढ निकाला। वह पिता को तलाशने के लिए कुएं में कूद और उसे जल्द ही पिता के कुएं में डुबे होने का पता भी चल गया। पर, वह पिता के शव को बाहर नही निकाल सका। सूचना मिलने के बाद में पहुंची ओरमाझी थाना की पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटना के बाद पहुंचे आजसू जिला सचिव सह मुखिया रामधन बेदिया ने घटना के प्रति दुख जताया। उन्होंने कहा सुखराम के दो बेटा एतवा बेदिया 13 वर्ष व विशाल बेदिया 11 वर्ष व एक बेटी काजल कुमारी 9 वर्ष है। वह मजदूरी कर बाल बच्चों का भरन-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद बच्चों का क्या होगा। उन्होंने मृतक की पत्नी को अंतिम संस्कार करने के लिए आर्थिक मदद भी की।
--
पत्नी का रो-रोकर था बुरा हाल
घटना के बाद सुखराम की पत्नी रेखा देवी अपने बच्चों के साथ विलाप कर रो रही थी। उसने बताया कि कुएं से कुछ दूर पर मृतक की चप्पल पड़ी थी। वहीं, दूसरी चप्पल मृतक के पाव में ही थी। चप्पल अलग-अलग मिलने से पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए कहा कि किसी पर आरोप नहीं लगाएगी। अगर दुश्मनी हो जाएगी तो मेरे बेटे के भी जीवन खतरे में पड़ जाएगा। उसने थाना में मामला दर्ज कराई, लेकिन वहा भी उसने हत्या की आशंका नहीं जताई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।