बढ़ती उम्र के साथ लेना शुरू कर दें कैल्शियम और विटामिन डी का पूरक आहार

हड्डी एवं जोड़ दिवस के अवसर पर झारखंड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन ने लोगों के लिए जानकारी दी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 07:40 AM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 07:40 AM (IST)
बढ़ती उम्र के साथ लेना शुरू कर दें कैल्शियम और विटामिन डी का पूरक आहार
बढ़ती उम्र के साथ लेना शुरू कर दें कैल्शियम और विटामिन डी का पूरक आहार

जासं, रांची : हड्डी एवं जोड़ दिवस के अवसर पर झारखंड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन ने लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने पर जोर दिया गया। साथ ही बताया गया कि सबसे अधिक हड्डी टूटने के मरीज सड़क दुर्घटना में ही अस्पताल आते हैं। 60 की उम्र होने के बाद शरीर की हड्डी कमजोर हो जाती है, इसे स्वस्थ रखने के कई टिप्स दिए गए। वेबिनार के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। रिम्स के आर्थोपेडिक के डा. गोविद गुप्ता बताते हैं कि अस्पताल में सबसे अधिक सर्जरी हड्डी से जुड़े रोगियों की होती है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग नहीं रहते। उन्होंने बताया कि इस दिवस पर सात अगस्त को लाइव सर्जरी का आयोजन होगा, जिसमें वैसे मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा, जिन्हें कंधे और घुटने के ऑपरेशन की जरूरत है।

--

बढ़ती उम्र के साथ महिलाओं में हड्डी रोग की बढ़ती है समस्या : पारस एचईसी अस्पताल में ऑर्थोपेडिक, ट्रामा एवं जोड़ प्रत्यारोपण सर्जन डा. राहुल सिन्हा ने बताया कि महिलाएं 40 वर्ष से अधिक और पुरुष 45 वर्ष से अधिक उम्र होने पर कैल्शियम और विटामिन डी का अतिरिक्त पूरक आहार लेना शुरू कर दें। क्योंकि उम्र के साथ हड्डियां कमजोर हो जाती हैं और जोड़ भी घीसने लगता है। ऐसे में पूरक आहार परेशानियों को कम करेगा। पूरक आहार में इनकी गोलियां भी हो सकती हैं। उम्र ढलने पर कैल्शियम, विटामिन डी और बोन मिनरल डेनसिटी की हर वर्ष जांच कराएं। फिर उसके अनुसार जीवनचर्या रखें। आहार में पनीर, दूध, मांस, मछली आदि शामिल करने से हड्डियां मजबूत होती हैं। उन्होंने बताया कि आर्थोपेडिक इंज्युरी से बचने के लिए हमें ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए।

--

जोड़ प्रत्यारोपण एक सफल इलाज : डा राहुल सिन्हा के अनुसार अगर दर्द इतना होता है कि थोड़ी दूर चलना पड़े तो डर लगता हो, रोज दर्द निवारक गोलियां खानी पड़े, पैर ज्यादा टेढ़ा होने लगे आदि। ऐसे में सर्जरी करा लेनी चाहिए। घुटना या कूल्हा प्रत्यारोपण आज एक सफल ऑपरेशन है। इसलिए यदि समस्या है और डाक्टर घुटना या कूल्हा का रिप्लेसमेंट करने के लिए कह रहे हैं तो कराना चाहिए।

---

सर्जरी के अलावा यह भी उपाय

जोड़ की जांच कर देखा जाता है कि दर्द किस ओर है। अमूमन अंदर में ज्यादा दर्द होता है। जांच में गैप भी देखा जाता है। साइनोवियल फ्ल्यूड हड्डी को घिसने से बचाता है। उम्र बढ़ने पर यह कम हो जाता है। ऐसे में व्यायाम करने की सलाह दी जाती है। साथ में साइनोवियल फ्लूइड बढ़ाने की दवा दी जाती है। मांसपेशी को मजबूत करने की दवा दी जाती है ताकि हड्डी पर कम भार पड़े।

-----------

मजबूत हड्डी के लिए यह करें

-उम्र बढ़ने पर पालथी मारकर नहीं बैठें

-नियमित व्यायाम करें पौष्टिक आहार लें

-कैल्शियम और विटामिन डी का अतिरिक्त आहार लें

-कोई आउट्डोर गेम जरूर खेलें

-प्रतिदिन थोड़े समय धूप में जरूर बैठें

chat bot
आपका साथी