तीन दोस्तों संग धुर्वा डैम नहाने गये गिद्दी के छात्र की डूबकर मौत

धुर्वा डैम में तीन दोस्तों के साथ नहाने गए छात्र अभिषेक विश्वकर्मा की डूबकर मौत हो गई।

By Edited By: Publish:Sat, 27 Apr 2019 02:02 AM (IST) Updated:Sat, 27 Apr 2019 04:22 PM (IST)
तीन दोस्तों संग धुर्वा डैम नहाने गये गिद्दी के छात्र की डूबकर मौत
तीन दोस्तों संग धुर्वा डैम नहाने गये गिद्दी के छात्र की डूबकर मौत

रांची, जेएनएन। धुर्वा डैम में तीन दोस्तों के साथ नहाने गए छात्र अभिषेक विश्वकर्मा (17) की डूबने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार दिन के करीब 12 बजे की है। अभिषेक पिपरवार क्षेत्र के अशोक परियोजना के माइनिंग सरदार शत्रुघ्न विश्वकर्मा का पुत्र था। वह मूल रूप से हजारीबाग के गिद्दी का रहने वाला था। हालांकि परिवार पिपरवार बचरा में रहता है। रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में 12वीं का छात्र था। वह पॉलिटेक्निक की भी तैयारी कर रहा था। दोस्तों के साथ धुर्वा स्थित बी-टू 143 में रहता था।

शुक्रवार दिन के करीब 11 बजे अभिषेक, जयदीप भोक्ता, कृष्णा महतो और ऋषभ राज तिर्की के साथ मिलकर सभी डैम में नहाने गए थे। सभी नहाने के लिए लिए उतरे। तीन दोस्त किनारे ही नहा रहे थे। लेकिन अभिषेक तैरना जानता था, इसलिए ज्यादा आगे चला गया। वहां जाकर डूब गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर दोस्तों ने बचाओ-बचाओ का शोर मचाया। शोर सुनकर लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।

धुर्वा थानेदार राजीव कुमार और नगड़ी थानेदार संतोष कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर सरोज राय के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव की तलाशी की। लेकिन शव पानी में फंसे रहने की वजह से नहीं मिल रहा था। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव मिला। इसके बाद उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।

डैम पर पहुंचे परिजन, रो-रोकर था बुरा हाल : बेटे की डूबने की खबर सुनकर अभिषेक के पिता शत्रुघ्न विश्वकर्मा, मां सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। तबतक बेटे का शव डैम से बाहर निकाला जा चुका था। शव देख परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। उन्हें पुलिस ही ढ़ाढंस बंधा रही थी।

अभिषेक की मौत से पिपरवार में शोक : इधर, घटना की सूचना मिलते ही शत्रुघ्न विश्वकर्मा राची के लिए रवाना हो गए। अभिषेक के शव को अंतिम संस्कार के लिए गिद्दी कोलियरी ले जाया गया है। विश्वकर्मा बचरा में सीआइएसएफ कॉलोनी के बी टाइप 13 नंबर ब्लॉक के 11 नंबर क्वार्टर में रहते हैं। शत्रुघ्न विश्वकर्मा को चतरा लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को चतरा निर्वाचन आयोग में रिपोर्ट करनी थी। पड़ोसियों ने बताया कि अभिषेक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह जमशेदपुर में रह कर डिप्लोमा कर रहा था। इधर कुछ दिनों से वह राची में रह रहा था। अभिषेक के डैम में डूबने की खबर से सीआइएसएफ कॉलोनी में शोक है।

chat bot
आपका साथी