जैप सिपाही की बेटी से दुष्कर्म करने वाला सौतेला पिता चाईबासा से गिरफ्तार Ranchi News
Jharkhand Chaibasa News Ranchi Crime News कोल्ड ड्रिंक्स में नशा मिलाकर दुष्कर्म किया था। तुपुदाना ओपी में एफआइआर दर्ज कराई थी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया जबकि कोर्ट में 164 का बयान भी दर्ज करा दिया है।
तुपुदाना (रांची), जासं। रांची की तुपुदाना ओपी पुलिस ने 14 वर्ष की नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने वाले सौतेला पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चाईबासा से उसे दबोचा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित चाईबासा फरार हो गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी चाईबासा में है। एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी कन्हैया कुमार टीम के साथ रविवार को चाईबासा गए, वहां गोपालपुर में छापेमारी कर पुलिस ने देर रात आरोपित को दबोच लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी मूल रूप से गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। रांची में वह गाड़ी खटंगा में पत्नी के साथ रह रहा था। पत्नी जैप की सिपाही है। गौरतलब हो कि बीते 12 जून को नाबालिग लड़की ने आरोपित के खिलाफ तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया, जबकि कोर्ट में 164 का बयान भी दर्ज करा दिया है।
दशमफॉल के समीप एक झोपड़ीनुमा होटल में किया दुष्कर्म
नाबालिग लड़की अपनी नानी के साथ तुपुदाना में रहती है। बीते शुक्रवार की दोपहर सौतेले पिता ने उसे फोन किया और तुपुदाना के एक होटल में बुलाया। इसके बाद पीड़िता को अपनी गाड़ी में बैठाकर आरोपित पिता पहले तुपुदाना चौक ले गया, वहां कोल्ड ड्रिंक्स पिलाया। इसके बाद पीड़िता को दशमफॉल के समीप एक झोपड़ीनुमा होटल में ले गया। वहां भी उसने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ पिलाया। बेहोश होने पर आरोपित ने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया।
बाद में आरोपित ने देर रात लड़की को चापूटोली स्थित उसकी नानी के घर लाकर छोड़ दिया। इसके बाद वह फरार हो गया। पुलिस के अनुसार लड़की के पहले पिता दिल्ली पुलिस में हैं। जब लड़की दो साल की थी, तब माता-पिता में तलाक हो गया था। इसके बाद लड़की की मां ने गुमला निवासी आरोपित पिता से शादी कर ली। लड़की अपनी मां के साथ ही रहने लगी। कुछ दिन पहले पीड़िता अपने पिता के पास दिल्ली चली गई थी। दो माह पहले वह नानी से मिलने के लिए रांची आ गई। नानी के घर पर ही रह रही थी।