जुए में हार गया 20 रुपये, तो सौतेली मां ने 12 साल के बेटे को गला दबाकर मार डाला

Jharkhand Hazaribagh News पिता ने महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोपित सौतेली मां गिरफ्तार कर ली गई है। पिटाई के बाद गला दबाकर जान से मारने का आरोप है। बड़कागांव थाना क्षेत्र के सांढ़ गांव में मंगलवार को घटना हुई है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 08:32 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jan 2021 06:59 AM (IST)
जुए में हार गया 20 रुपये, तो सौतेली मां ने 12 साल के बेटे को गला दबाकर मार डाला
पिटाई के बाद गला दबाकर जान से मारने का आरोप है।

बड़कागांव (हजारीबाग), जासं। हजारीबाग के बड़कागांव क्षेत्र के सांढ़ गांव में एक महिला ने जुए में 20 रुपये हारने पर अपने 12 वर्षीय सौतेले बेटे की हत्या कर दी। घटना 26 जनवरी की है। बालक के पिता गेंदो महतो ने अपनी पत्नी मीना देवी पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पिता के अनुसार 26 जनवरी को उनका 12 वर्षीय बेटा भोला पड़ोस में बच्चों के साथ जुआ खेलने के दौरान 20 रुपये हार गया था।

कुछ बच्चों ने रुपये हारने के बारे में भोला की सौतेली मां मीना देवी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मीना ने गुस्से में कमरे में बंद कर भोला की पिटाई शुरू कर दी। जमकर पिटाई करने के बाद उसने गला दबाकर भोला की हत्या कर दी। गेंदो महतो के अनुसार घटना के वक्त वह मेला देखने गया था। गांव के लोगों ने उसे मीना द्वारा बेटे को कमरे में बंद करने और हत्या की सूचना दी। उधर, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है।

कुछ ग्रामीणों का कहना है कि भोला को एक बक्से में बंद कर दिया गया था। काफी देर तक बक्से में बंद रहने की वजह से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार सौतेली मां उसको अक्सर प्रताडि़त करती थी। उधर, थाना प्रभारी उत्तम तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित मां गिरफ्तार कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चलेगा।

chat bot
आपका साथी