रोमांचक मुकाबले में रांची एक रन से जीता

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के तत्वाधान में चल रहे टी-20 क्रिकेट लीग में शनिवार को रांची रायडर्स ने धनबाद डायनोमोज को रोमांचक मुकाबले में एक रन से पराजित किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 01:59 AM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 01:59 AM (IST)
रोमांचक मुकाबले में रांची एक रन से जीता
रोमांचक मुकाबले में रांची एक रन से जीता

जागरण संवाददाता, रांची : झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के तत्वाधान में चल रहे टी-20 क्रिकेट लीग में शनिवार को रांची रायडर्स ने धनबाद डायनोमोज को रोमांचक मुकाबले में एक रन से पराजित किया। जबकि दूसरे मैच में दुमका डेयरडेविल्स ने सिंहभूम स्ट्राइकर्स को एकतरफा मुकाबले में 58 रनों से पराजित किया।

रांची बनाम धनबाद : जेएससीए स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए रांची की टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवरों में आठ विकेट पर 143 रनों का स्कोर खड़ा किया। आर्यमन सेन ने 14, सत्येंद्र कुमार प्रजापति ने पांच, आदित्य सिंह ने 12, हर्ष राणा ने 31, रौनी कुमार ने 14, पंकज कुमार ने 25 व प्रेम कुमार ने 26 रनों की पारी खेली। धनबाद की ओर से अभिषेक यादव ने दो, जयप्रकाश यादव, विकास कुमार, साहिल राज ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में धनबाद की टीम 20 ओवरों में पांच विकेट पर 142 रन ही बना सकी। सत्यसेतु ने 33 गेंदों पर 57 रनों की नाबाद पारी खेली। नजीम सिद्दिकी ने 26, विशाल सिंह ने 19, विजय जेना ने 11 रन बनाए। रांची की ओर से शिखर मोहन व मनीषी ने दो-दो विकेट लिए। धनबाद के सत्यसेतु को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उन्हें यह पुरस्कार झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव एल ख्यांगते व उनकी पत्नी किमी ख्यांगते ने दिया। दुमका बनाम सिंहभूम

पहले बल्लेबाजी करते हुए दुमका डेयरडेविल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट पर 132 रनों का स्कोर बनाया। अर्नव सिन्हा ने 38, भानू आनंद ने 23, आयुष कुमार ने 48 नाबाद व सुप्रियो चक्रवर्ती ने 16 नाबाद रनों की पारी खेली। सिंहभूम की ओर से अजय यादव ने दो विकेट लिए। जवाब में सिंहभूम स्ट्राइकर्स की टीम 14 ओवरों में 74 रनों पर सिमट गई। प्रतीक भगत ने 28 व विल्फ्रेड बेंग ने 14 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दो अंकों तक नहीं पहुंचा। दुमका की ओर से हर्ष देव गौतम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 13 रन देकर पांच विकेट झटके। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। जेएससीएम मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य गोपाल सहाय ने उन्हें पुरस्कृत किया।

---------

बाक्स

धनबाद, बोकारो व दुमका के सेमीफाइनल में पहुंचना तय

टीम-20 लीग में धनबाद डायनोमोज, बोकारो ब्लास्टर्स व दुमका डेयरडेविल्स का सेमीफाइनल में पहुंचना तय है। लीग में सभी टीमों को दस-दस मैच खेलने हैं। दुमका धनबाद व बोकारो की टीमें 20-20 अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर है। चौथे स्थान पर 16 अंकों के साथ रांची की टीम है। पांचवें स्थान पर सिंहभूम स्ट्राइकर्स की टीम 12 अंकों के साथ है। बोकारो को अभी तीन मैच खेलने हैं जबकि दुमका, धनबाद व रांची के दो-दो मैच बचे हैं। सिंहभूम की टीम को एक मैच खेलना है जबकि जमशेदपुर की टीम आठ मैचों में आठ अंक के साथ सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर है। हालांकि इसे भी दो मैच और खेलने हैं।

chat bot
आपका साथी