बोले, झारखंड भाजपाध्यक्ष, चाईबासा से चुनाव लड़ूंगा, अध्यक्ष की जवाबदेही कोई और निभाएगा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने स्पष्ट किया है कि वे चाईबासा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 05:34 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 05:34 AM (IST)
बोले, झारखंड भाजपाध्यक्ष, चाईबासा से चुनाव लड़ूंगा, अध्यक्ष की जवाबदेही कोई और निभाएगा
बोले, झारखंड भाजपाध्यक्ष, चाईबासा से चुनाव लड़ूंगा, अध्यक्ष की जवाबदेही कोई और निभाएगा

रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने स्पष्ट किया है कि वे चाईबासा से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे और इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े दायित्वों का निर्वाह कोई और करेगा। बुधवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बातें कहीं। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि भाजपा लोकसभा चुनावों में सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

लक्ष्मण गिलुवा ने स्वीकारा कि चुनाव में व्यस्त होने के कारण वे दोहरी जिम्मेदारी का वहन नहीं कर सकेंगे। इस दौरान किसी उपाध्यक्ष या अन्य किसी को उनसे जुड़े कार्यो की जवाबदेही सौंपी जा सकती है। मीडिया से बातचीत के दौरान गिलुवा ने केंद्र सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियों को साझा किया।

जनधन, आवास, सिंचाई, सुकन्या समृद्धि, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत का जिक्र करते हुए कहा कि इन तमाम गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ देश की गरीब जनता को मिल रहा है। कहा, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि विकास के लिए दिल्ली से चले सौ रुपये में से महज 15 रुपये ही गरीबों तक पहुंचते हैं।

आज स्थिति बदल गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राज में पूरे सौ रुपये गरीब के खाते में पहुंच रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश, प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।

भाजपा महासमुद्र है, लहरें टकराती रहती हैं

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने सरयू राय की विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार से टकराहट पर कहा कि भाजपा महासमुद्र है, लहरें टकराती रहती हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि सरयू राय वरिष्ठ नेता और मंत्री हैं। हम उनके साथ मिलकर विभिन्न मुद्दों पर बैठकर बातें करते हैं। ढुलू महतो प्रकरण पर कहा कि जांच कमेटी की रिपोर्ट आने पर कोई निर्णय लिया जाएगा।

अमित शाह ही नहीं अन्य बड़े नेताओं के भी प्रमंडलों में होंगे सम्मेलन

लक्ष्मण गिलुवा ने बताया कि 19 जनवरी को गोड्डा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बूथ स्तर के ऊपर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि इस कड़ी में आगे विभिन्न प्रमंडलों में वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज सहित अन्य बड़े नेताओं के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

आजसू हमारा सहयोगी दल

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने एक बार फिर आजसू को अपना सहयोगी दल बताया है। आजसू के तेवर पर कहा कि हम उन्हें मित्र दल मानते हैं, उनकी वो जाने। सवर्ण आरक्षण पर कहा कि गरीब सवर्णो को आरक्षण मिलना ही चाहिए। अब तक किसी ने हिम्मत नहीं की। हम गरीब सवर्णो को आरक्षण देने के निर्णय का हृदय से आभार जताते हैं।

chat bot
आपका साथी