Jharkhand: ओडिशा से नेपाल जा रहा 76 किलो गांजा सिमडेगा पुलिस ने किया जब्‍त, तस्‍कर गिरफ्तार

Jharkhand Crime News Simdega Samachar झारखंड की सिमडेगा पुलिस ने अंतरराष्‍ट्रीय गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। 76 किलो गांजा जब्त किया है। तस्कर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार से गांजा को नेपाल ले जाया जा रहा था।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Fri, 13 Aug 2021 04:45 PM (IST) Updated:Fri, 13 Aug 2021 04:53 PM (IST)
Jharkhand: ओडिशा से नेपाल जा रहा 76 किलो गांजा सिमडेगा पुलिस ने किया जब्‍त, तस्‍कर गिरफ्तार
Jharkhand Crime News, Simdega Samachar तस्कर गिरफ्तार कर लिया गया है। कार से गांजा नेपाल ले जाया जा रहा था।

सिमडेगा, जासं। झारखंड के सिमडेगा जिला अंतर्गत बांसजोर ओपी की पुलिस को अंतरराष्ट्रीय गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से गांजा की बड़ी खेप नेपाल ले जा रहे तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके वाहन से 76 किलो गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजा का अनुमानित मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 38 लाख रुपये बताया जा रहा है। जिले के एसपी डाॅ. शम्स तब्रेज ने बताया कि जिला स्तरीय सघन वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा से आ रही कार की जांच की गई तो उक्त सफलता मिली।

जब्त टाटा नेक्सन कार (ओडी15एम7693) में भारी मात्रा में गांजा छुपाकर रखा हुआ था। वाहन जांच के क्रम में तस्कर भागने की फिराक में था। वह कार से उतरकर भागने लगा था। हालांकि पहले से सतर्क बांसजोर ओपी पुलिस टीम ने खेदड़कर उसे धर दबोचा। पूछताछ करने पर तस्‍कर ने अपना नाम आनंद साहू ओडि‍शा के खेलियापानी बोध का रहने वाला बताया। वह टाटा नेक्सन गाड़ी में गांजा लोड कर बोध (ओडि‍शा) से राउरकेला, वेदव्यास होते हुए सिमडेगा के रास्ते रांची ले जा रहा था। वहां से बिहार होते हुए गांजा नेपाल भेजा जाता।

तलाशी के दौरान टाटा नेक्सन कार के मध्य सीट के नीचे से 01 किलोग्राम का 36 पैकेट गांजा, कार के पीछे डिक्की से लाल रंग के बोरे से 11 किलोग्राम का 3 बोरा तथा 7 किलोग्राम का 1 बोरा गांजा बरामद हुआ है। इसका कुल वजन 76 किलोग्राम है। गिरफ्तार तस्कर को जेल भेजा गया है।

इधर एसपी ने कहा कि गिरफ्तार गांजा तस्कर का नेटवर्क अंतरराष्‍ट्रीय स्तर तक फैला हुआ है। यह गांजा भी भारत की सीमा पार कर नेपाल भेजा जाता। लेकिन सिमडेगा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तस्‍कर के मंसूबे सफल नहीं हुए। उन्हों ने कहा कि किसी भी तरह के अपराध को रोकने के लिए सिमडेगा पुलिस तत्पर व सजग है। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

chat bot
आपका साथी