Mera Fauji Calling: 12 मार्च को रिलीज होगी शरमन जोशी की फिल्‍म 'फौजी कॉलिंग', ऐसी है कहानी; जानें

Mera Fauji Calling Movie Release Date शरमन जोशी ने कहा कि फौजी कॉलिंग ऐसी फिल्म है जो शहीद फौजी के परिवार से हमें कनेक्ट करेगी। इसकी शूटिंग झारखंड में कई जगह हुई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में फ़िल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 04:34 PM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 01:38 PM (IST)
Mera Fauji Calling: 12 मार्च को रिलीज होगी शरमन जोशी की फिल्‍म 'फौजी कॉलिंग', ऐसी है कहानी; जानें
Mera Fauji Calling Movie Release Date शरमन जोशी ने रांची में रविवार को मांदर बजाया। जागरण

रांची, जासं। Mera Fauji Calling Movie Release Date देशभक्ति पर आधारित एक फौजी और उसकी फैमिली की इमोशनल बॉन्डिंग पर बनी फिल्म "फौजी कॉलिंग" 12 मार्च को देश के विभिन्न सिनेमाघरों में रिलीज होगी। "फौजी कॉलिंग" फिल्म का प्रमोशन करने रांची पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता शरमन जोशी ने सोमवार को सूचना भवन स्थित सभागार में प्रेसवार्ता को संबोधित किया।

बाॅलीवुड अभिनेता शरमन जोशी ने बताया कि यह फिल्म एक सत्य घटना से प्रेरित है जो उरी अटैक से संबंधित है। उन्होंने बताया कि यह फिल्म एक फौजी और उसकी फैमिली की इमोशनल कहानी से दर्शकों को रूबरू कराती है। फौजी बॉर्डर पर रहकर हमारे देश की रक्षा करते हैं। हमारे देश की रक्षा के लिए फौजी अपनी जान की बाजी लगा देते हैं, परंतु फौजी की असली ताकत उनका परिवार होता है।

एक फौजी के शहीद होने के बाद उसके परिवार पर क्या बीतती है, किन-किन समस्याओं से उन्हें जूझना पड़ता है, यह इस फिल्म में दिखाया गया है। उन्होंने बताया कि फौजी के साथ-साथ उसके परिवार का बलिदान कितना बड़ा होता है, हम सबको यह जानने की जरूरत है।

फौजी के परिवार की इमोशनल कहानी

फिल्म के निर्देशक आर्यन सक्सेना ने कहा कि इससे पहले भी देशभक्ति पर बहुत सारी फिल्में बनी हैं। परंतु उन फिल्मों से यह फिल्म कुछ हटकर बनी है। "फौजी कॉलिंग" में देश के फौजियों के शौर्य के साथ-साथ उनके परिवार के धैर्य को भी दर्शाया गया है। एक फौजी का परिवार कैसे सरहद पर अपनी जान की बाजी लगाने के लिए उन्हें हौसला देता है और जब फौजी शहीद होते हैं तो उनके परिवार पर क्या बीतता है, यही इस फिल्म की कहानी है।

झारखंड में हुई है फिल्म की शूटिंग

फिल्म के निर्देशक आर्यन सक्सेना ने कहा कि झारखंड वन के आंचल से घिरा हुआ एक खूबसूरत राज्य है। झारखंड में फिल्म निर्माण के लिए बेहतरीन लोकेशन हैं। जैसे नेतरहाट, बेतला, पतरातू, मैक्लुस्कीगंज सहित विभिन्न फॉल इत्यादि। आर्यन सक्सेना ने कहा कि झारखंड के लोग काफी मेहनती, सरल और सीधे हैं। यहां के कलाकारों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यहां के कलाकार और शूटिंग पैलेस में आम लोगों ने भी काफी सहयोग दिया है।

वहीं बॉलीवुड अभिनेत्री विदिता बाग ने कहा कि "फौजी कॉलिंग" फिल्म की शूटिंग की शुरुआत झारखंड से ही हुई थी और आज हम लोग इस फिल्म के प्रमोशन के लिए यहां आए हैं। यह एक सुखद अनुभव है। उन्होंने बताया कि मेरी मां झारखंड से हैं। मैंने इस फिल्म में एक फौजी की पत्नी का किरदार निभाया है। यह काफी चुनौती भरा रहा है।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले शरमन जोशी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अभिनेता शरमन जोशी ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री को शरमन जोशी ने बताया कि झारखंड में निर्मित फ़िल्म फौजी काॅलिंग का निर्माण कार्य 2019 में पूर्ण हो चुका है। कोरोना संक्रमण काल और लॉकडाउन की वजह से फिल्‍म प्रदर्शित नहीं की जा सकी थी। लेकिन अब लॉकडाउन में मिली छूट के बाद आगामी 12 मार्च को फिल्म को रिलीज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। सरकार इस दिशा में बेहतर करने की कार्ययोजना पर कार्य कर रही है। इस अवसर पर फिल्म की अभिनेत्री विदिता बाग, स्थानीय अभिनेत्री ऋतु श्री, निर्देशक आर्यन सक्सेना, प्रोड्यूसर ओवेज शेख, को-प्रोड्यूसर विष्णु शंकर उपाध्याय उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी