कोरोना की तीसरी लहर को लेकर सेवा भारती ने शुरू की तैयारी, आइसोलेशन सेंटर व ऑक्‍सीजन सिलेंडर की व्‍यवस्‍था की

Jharkhand News Seva Bharati Oxygen Cylinder झारखंड सहित दूसरे राज्यों में भी आइसोलेशन सेंटर सहित आक्सीजन सिलेंडर व कंसंट्रेटर की व्यवस्था की गई है। कुछ सिलेंडर रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में भी रखे जाएंगे। सेवा के दूसरे कामों के लिए सेवा भारती ने सेवा जागरूकता मंच का गठन किया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 07:25 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 07:37 PM (IST)
कोरोना की तीसरी लहर को लेकर सेवा भारती ने शुरू की तैयारी, आइसोलेशन सेंटर व ऑक्‍सीजन सिलेंडर की व्‍यवस्‍था की
Jharkhand News, Seva Bharati सेवा के दूसरे कामों के लिए सेवा भारती ने सेवा जागरूकता मंच का गठन किया है।

रांची, जासं। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं ने भी अपने स्तर से तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के आनुषांगिक संगठन सेवा भारती ने भी तीसरी लहर से बचाव के लिए अभी से तैयारी प्रारंभ कर दी है। पहली और दूसरी लहर में इस संस्था ने झारखंड सहित पूरे देश में बेहतर काम किया था। परंतु दूसरी लहर में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी को देखते हुए इस बार सेवा भारती ने झारखंड सहित दूसरे राज्यों में अभी से आइसोलेशन सेंटर बनाने के साथ-साथ ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था कर ली है।

झारखंड सेवा भारती के प्रदेश सचिव ऋषि पांडेय ने कहा कि सेवा भारती की ओर से रांची जिले के जोन्हा में संचालित अस्पताल आरोग्य सेवा केंद्र में 16 बेड की व्यवस्था की गई है। वहीं 25 ऑक्सीजन सिलेंडर और 30 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के साथ-साथ दवा की व्यवस्था अभी की गई है। कुछ सिलेंडर रांची स्थित प्रदेश कार्यालय में भी रखे जाएंगे, ताकि आसपास के लोगों को जरूरत पड़ने पर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। जरूरत के अनुसार इसकी संख्या बढ़ाई भी जाएगी। वहीं इस संस्था से जुड़कर कई चिकित्सक भी सेवा देने के लिए तैयार हैं।

सेवा भारती की ओर से सेवा जागरूकता मंच का किया गया गठन

राष्ट्रीय सेवा भारती के पदाधिकारी गुरुशरण प्रसाद ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने, वैक्सीन लेने के लिए प्रोत्साहित करने एवं तीसरी लहर आने पर जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने सहित सेवा के दूसरे कामों के लिए सेवा भारती ने सेवा जागरूकता मंच का गठन किया है। इस मंच में शहर के प्रमुख गण्यमान्य लोगों को रखा गया है।

इसमें सीसीएल के पूर्व सीएमडी गोपाल सिंह, पद्मश्री मुकुंद नायक, झारखंड बिजली बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वीएन पांडेय, मेकन के पूर्व सीएमडी श्याम टोरका, ऋषि पांडेय, कई सेवानिवृत्त आइएएस, आइएफएस सहित प्रमुख लोगों को रखा गया है। रविवार को हुई बैठक में आरएसएस के सह प्रांत संघचालक अशोक श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता पुनीता राय, एके मिश्रा व जितेंद्र कुमार भी उपस्थित थे। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि इस मंच का दूसरे शहरों में भी विस्तार करने की जरूरत है। जनजातीय इलाकों में भी कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।

chat bot
आपका साथी