कॉलेज प्राचार्य को किया गया सेवामुक्त

इंदिरा गांधी श्रमिक महाविद्यालय मांडू के प्रभारी प्राचार्य पीपी चंदन को ।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Jun 2020 08:16 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jun 2020 08:16 PM (IST)
कॉलेज प्राचार्य को किया गया सेवामुक्त
कॉलेज प्राचार्य को किया गया सेवामुक्त

संवाद सूत्र, मांडू : इंदिरा गांधी श्रमिक महाविद्यालय मांडू के प्रभारी प्राचार्य पीपी चंदन को कॉलेज से सेवा मुक्त कर दिया गया है। इस बात की जानकारी कॉलेज सचिव सांवरमल अग्रवाल ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर दी। उन्होंने बताया कि विनोबा भावे विश्वविद्यालय द्वारा गठित जांच दल द्वारा प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, प्रशासनिक कुव्यवस्था, महाविद्यालय कोष का दुरुपयोग, छात्रों से अवैध वसूली के अलावा नामांकन एवं परीक्षा में घोटाला जैसे आरोप सत्य पाए जाने के बाद प्रभारी प्राचार्य के ऊपर उक्त कार्रवाई की गई है। सचिव ने यह भी बताया कि विगत 30 अप्रैल 2015 को रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी सह कॉलेज सदस्य द्वारा महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया गया था। जिसमें उन्होंने प्रभारी प्राचार्य की अवैध नियुक्ति के साथ-साथ महाविद्यालय में आय व्यय का लेखा-जोखा नहीं रखने का उल्लेख करते हुए ऐसे प्राचार्य को दंडित करने की अनुशंसा कर विनोबा भावे विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र प्रेषित किया गया था। सचिव ने बताया कि उपरोक्त तथ्यों का हवाला देते हुए प्रभारी प्राचार्य को छह बार स्पष्टीकरण दिया गया। परंतु उन्होंने आज तक कोई जवाब नहीं दिया। पश्चात इसके कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह सांसद जयंत सिन्हा के निर्देश पर कॉलेज से सेवा मुक्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सत्र 2018 से 21 के सेमेस्टर वन के छात्रों का परीक्षा फार्म भरवाया गया। जिसमें प्रभारी प्राचार्य ने अपने निजी खाते से परीक्षा शुल्क जमा करने हेतु ड्राफ्ट बनवाया। इतना ही नहीं, उन्होंने सत्र 2017 से 20 के सेमेस्टर 5 के छात्रों का परीक्षा फार्म भर कर सभी राशि अपने पास रख ली। इस कारण महा विद्यालय का परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय ने अब तक रोक रखा है। इससे छात्रों को घोर कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है। सचिव ने कहा है कि कॉलेज के पूर्व प्रभारी प्राचार्य पी पी चंदन का अब इस महाविद्यालय से कोई संबंध नहीं रह गया है। ऐसे में उन्होंने छात्रों व उनके अभिभावकों को पूर्व प्राचार्य से कोई लेन देन नहीं करने की अपील की है। मौके पर कॉलेज प्राचार्य अखिल महतो, मोहम्मद जफरूल्लाह मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी