एक फरवरी से झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, छह फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

Jharkhand Entertainment. झारखंड फिल्म फेस्टिवल में हिन्दी की कड़वी हवा, भोर, पूर्णा, आइ एम कलाम, बांग्ला की वास्तु शाप और कन्नड़ फिल्म रेलवे चिल्ड्रेन दिखार्इ जाएगी।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 25 Jan 2019 12:35 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jan 2019 12:35 PM (IST)
एक फरवरी से झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, छह फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
एक फरवरी से झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव, छह फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग

रांची, राज्य ब्यूरो। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने झारखंड में सर्वश्रेष्ठ सिनेमा निर्माण को बढ़ावा देने के लिए झारखंड अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल 2019 में सहयोग करने का फैसला लिया है। फेस्टिवल रांची में एक से तीन फरवरी तक होगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे ने बताया कि झारखंड उन राज्यों में शामिल है जहां फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं। अनुदान सहायता योजना के तहत यह मदद की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य झारखंड में अच्छी फिल्मों के निर्माण को बढ़ावा देना है।

फोकस वैसी फिल्मों पर है जिनमें समाज के अवसरों और चुनौतियों के माध्यम से बदलाव की कहानी हो। उन्होंने कहा कि सिनेमा तकनीक में नए रुझानों से क्षेत्रीय फिल्मों के लिए अवसर प्रदान करना भी सरकार का लक्ष्य है। झारखंड फिल्म फेस्टिवल में सूचना प्रसारण मंत्रालय की मदद से छह फिल्मों का प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल के माध्यम से स्थानीय फिल्मकारों और सिनेमा प्रेमियों को बेहतर भारतीय फिल्में देखने को मिलेंगी। जिससे झारखंड में फिल्म निर्माण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

राज्य में फिल्मांकन होने से पर्यटन उद्योग को भी फायदा होने की उम्मीद है। खरे ने कहा कि संयुक्त बिहार में सत्यजीत राय और ऋत्विक घटक जैसे फिल्मकारों ने झारखंड को सेल्युलाइड पर उतारा था। राज्य में सिनेमा बनाने के क्षेत्र में अपनी खोई प्रतिष्ठा फिर से हासिल करने की पूरी संभावनाएं मौजूद है। गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में पहली बार झारखंड को फोकस स्टेट बनाया गया था। इस दौरान राज्य में बनी छह फिल्मों का प्रदर्शन किया गया था। इससे सिनेमा जगत को राज्य के पहाड़ ,घने जंगल और सुंदर जलप्रपातों ने अपनी तरफ आकर्षित किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड फिल्म नीति-2015, सिनेमा उद्योग को गति प्रदान करने में मददगार साबित होगी।

इन फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग : फिल्म फेस्टिवल के दौरान छह फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी। इनमें हिन्दी की कड़वी हवा, भोर, पूर्णा, आइ एम कलाम, बांग्ला की वास्तु शाप और कन्नड़ फिल्म रेलवे चिल्ड्रेन शामिल है।

chat bot
आपका साथी