साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की के शव का फिर से पोस्‍टमार्टम... बाबूलाल ने CM हेमंत को लिखी चिट्ठी

Jharkhand News Jharkhand Samachar बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की के शव का फिर से पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि रूपा के शव का रिम्स के फोरेंसिक विशेषज्ञों से पोस्टमार्टम हो ताकि मौत के रहस्य से पर्दा हट सके।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 06:34 AM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 06:35 AM (IST)
साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की के शव का फिर से पोस्‍टमार्टम... बाबूलाल ने CM हेमंत को लिखी चिट्ठी
Rupa Tirkey Suicide Case: साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की के परिजन बाबूलाल मरांडी से मिले, हत्या की जताई आशंका।

रांची, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की के शव का फिर से पोस्टमार्टम कराने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि दारोगा रूपा तिर्की के शव का रिम्स के फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से फिर से पोस्टमार्टम कराया जाए ताकि मौत के रहस्य से पर्दा हट सके।

बाबूलाल मरांडी ने पत्र में लिखा है कि उनसे रूपा तिर्की के परिजन गुरुवार को मिलने आए थे। परिजन ने घटना के संबंध में उन्हें बताया कि जिस तरह से शव की बरामदगी हुई है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि दारोगा रूपा तिर्की की हत्या की गई है। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। स्थानीय पुलिस-प्रशासन घटना के बाद से ही लगातार मामले की लीपापोती कर रही है।

साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की के परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

उन्होंने सवाल उठाया कि शव को देखते वक्त वीडियोग्राफी कराई या नहीं, शव या घर में पड़े सामान को छूने से पहले फिंगर प्रिंट लिया गया या नहीं, उसकी वीडियोग्राफी हुई या नहीं, मृतका के शरीर पर कुछ काले धब्बे के निशान थे तो उसका पोस्टमार्टम विशेषज्ञों की टीम या फारेंसिक विशेषज्ञ की निगरानी में हुई या नहीं। इन सभी सवालों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने की जरूरत है।

गौरतलब है कि दो दिन पूर्व साहिबगंज की महिला थानेदार रूपा तिर्की का शव उनके आवास में फंदे से लटका हुआ मिला था। वह 2018 बैच की दारोगा थी। इस मामले में साहिबगंज में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पूरे मामले का अनुसंधान जारी है।

आजसू, जदयू ने की सीबीआइ जांच की मांग

आजसू पार्टी ने साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रुपा तिर्की की संदेहास्पद मौत की सीबीआइ जांच की मांग की है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देवशरण भगत ने कहा कि रुपा तिर्की की मौत आत्महत्या जैसी प्रतीत नहीं हो रही है। सीबीआई जांच ही उसके परिवार को न्याय दिला सकती है। इधर, प्रदेश जदयू के प्रवक्ता सागर कुमार ने भी इस मामले की सीबीआइ जांच की मांग की है।

महिला थानेदार रूपा तिर्की की मौत की हो जांच

भाजपा महिला मोर्चा ने घटना पर जताया विरोध, सीबीआइ जांच की मांग राज्य ब्यूरो, रांची : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की संदिग्ध अवस्था में मौत मामले का विरोध किया और राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से इस घटना की सीबीआइ से जांच की मांग की है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि गत तीन मई को साहिबगंज में हुई वहां की महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की की संदिग्ध अवस्था में मौत मामले को पुलिस-प्रशासन आत्महत्या का रूप देने की कोशिश में है। घटना के वक्त परिस्थितिजन्य साक्ष्य को देखने से यह घटना आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का प्रतीत होता है।

खिजरी में विरोध प्रदर्शन

इस घटना के विरोध में रांची के खिजरी में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आरती कुजूर के नेतृत्व में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में आरती कुजूर के साथ रीना कुजुर, तेतरी कुजूर, गौरी देवी, लक्ष्मी देवी नागी कुजूर, सनीचरिया देवी,शशि कला कुजूर, आरती खलखो, कांता देवी, सपना देवी, संगीता देवी, शनिचरिया कुजूर, सुनीता कुजूर, सोमिया कुजूर, प्रिया कुजूर, लुखरी कच्छप, स्मिता कुजूर, स्वेता कुमारी आदि उपस्थित थीं।

chat bot
आपका साथी