चलती ट्रेन से हीरे-सोने का सेट, कंगन सहित 41 लाख के गहने की चोरी

जागरण संवाददाता, रांची : रांची आ रही सिकंदराबाद-दरभंगा एक्सप्रेस से चोरी की बड़ी घटना सामने आई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Feb 2019 08:42 AM (IST) Updated:Sat, 16 Feb 2019 08:42 AM (IST)
चलती ट्रेन से हीरे-सोने का सेट, कंगन सहित 41 लाख के गहने की चोरी
चलती ट्रेन से हीरे-सोने का सेट, कंगन सहित 41 लाख के गहने की चोरी

जागरण संवाददाता, रांची : रांची आ रही सिकंदराबाद-दरभंगा एक्सप्रेस से चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चलती ट्रेन से एक महिला यात्री के बैग में रखे स्टील बॉक्स को चुरा लिया गया। जिसमें 40 लाख के जेवरात व डेढ़ लाख रुपये नकद रखे थे। घटना बीते 13 फरवरी की है। शुक्रवार को मामले में जीआरपी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज कराने वाली महिला यात्री छत्तीसगढ़ के जशपुर पत्थलगांव निवासी अंजु गर्ग है। वह अंजू बेदिया के साथ ए-टू एसी बोगी से बिलासपुर से रांची आ रही थी। रांची स्टेशन पहुंचने से पहले उन्होंने अपना तीन ट्रॉली बैग व दो एयरबैग को एक जगह जमा कर गेट के पास रखा। इसबीच बोगी का अटेंडेंट चार-पांच लोगों के साथ वहां पहुंच गया। उन लोगों ने कहा कि आपलोग गेट के पास रहो, हमलोग सारा सामान रांची रेलवे स्टेशन पहुंचते ही उतार देंगे। उनके झांसे में आकर विश्वास कर लिया। स्टेशन पहुंचने के बाद वह उतरीं और अपने भाई के साथ रामगढ़ स्थित अपने घर चली गई। वहां लगेज खोलकर देखा, तो स्टील बॉक्स गायब था। जिस में 41.5 लाख के जेवरात व नकद रखे थे। इसके बाद महिला रांची जीआरपी थाना पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई।

घेर कर रखा था लगेज : अंजू गर्ग ने पुलिस को बताया कि बोगी अटेंडेंट ने जबरन दबाव बनाते हुए उन्हें झांसे में ले लिया। वे खुद अपना बैग किनारे कर रहीं थी। तभी अटेंडेंट दूसरी बोगी से उनके पास आ गया। इसके बाद बैग को घेर कर रखा। महिला को संदेह है कि घेर कर रखने के दौरान ही उनके बैग से चोरी कर ली गई है।

इन सामानों की हुई चोरी : दो हीरे का सेट, एक सोने का सेट, चार सोने के कंगन, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का लॉकेट, एक जोड़ी सोने का झुमका और डेढ़ लाख रुपये नकद की चोरी कर ली गई।

chat bot
आपका साथी