अपनों ने छोड़ा साथ तो संघ के स्वयंसेवकों ने कराया दाह संस्कार, अब तक 850 शवों को दी मुक्ति

RSS News Coronavirus Update कोरोना संक्रमण से मौत होने के बाद देश में अब तक 850 से अधिक शवों का राष्‍ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्‍य अंतिम संस्कार करा चुके हैं। देश में 287 व झारखंड में सात स्थानों पर स्वयंसेवक आइसोलेशन सेंटर चला रहे हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 23 May 2021 08:21 PM (IST) Updated:Sun, 23 May 2021 08:29 PM (IST)
अपनों ने छोड़ा साथ तो संघ के स्वयंसेवकों ने कराया दाह संस्कार, अब तक 850 शवों को दी मुक्ति
RSS News, Coronavirus Update कोरोना से मृत शव का दाह संस्‍कार करते संघ के सदस्‍य।

रांची, [संजय कुमार]। कोरोना संक्रमण के कारण परिस्थिति ऐसी हो गई है कि अपने भी साथ छोड़ने लगे हैं। इस समय किसी भी कारण से मृत्यु होने पर अपने भी नहीं पहुंच रहे हैं। वैसी स्थिति में लोग मदद के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों से संपर्क कर रहे हैं। स्वयंसेवक अपनी परवाह किए बिना संकट की इस घड़ी में लोगों की हर तरह से मदद कर रहे हैं। हाल ही में ऐसा मामला धनबाद और जामताड़ा में देखने को मिला। जब कोरोना के कारण मृत्यु होने पर अपना कोई नहीं पहुंचा, तब संघ के पदाधिकारियों ने सेवा भावना की जिम्मेदारी निभाते हुए शवों का दाह संस्कार किया।

संघ की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक पूरे देश में 820 से अधिक शवों का अंतिम संस्कार स्वयंसेवक करा चुके हैं। जामताड़ा के प्रचारक संतोष कुमार ने बताया कि पिछले दिनों सीतलपुर निवासी सेवानिवृत्त डाककर्मी हारू पंडित की कोरोना से मृत्यु हो गई। पत्नी की मृत्यु कोरोना से पहले हो चुकी थी और बेटा संक्रमित था। गांव वाले दाह संस्कार के लिए आगे नहीं आए। उस स्थिति में वहां के जिला कार्यवाह राजाराम मंडल और खंड कार्यवाह गणेश सिंह ने अपने दो साथ सहयोगियों के साथ ठेले पर उनका शव ले जाकर दाह संस्कार संपन्न कराया।

उसी तरह धनबाद के विजय प्रसाद की कोरोना से रिम्स में मौत हो गई। तब उनके पुत्र विनय कुमार ने फोन पर संघ के पदाधिकारी से संपर्क किया। धनबाद के सह नगर कार्यवाह विवेक कुमार ने रांची से शव लाकर स्वयंसेवकों के साथ पीपीई कीट पहकर दाह संस्कार संपन्न कराया। हजारीबाग के विभाग प्रचारक कुणाल कुमार ने बताया कि कोडरमा के परसाबाद गांव का कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति अपने दो भाइयों के साथ बाहर से आ रहा था। ऑटो से गांव जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।

इसके बाद दोनों भाई के साथ-साथ ऑटो चालक साथ छोड़कर भाग गए। इसकी जानकारी संघ के स्वयंसेवकों को मिली। फिर संघ के विभाग बौद्धिक प्रमुख मनोज राणा, कोडरमा जिला प्रचार प्रमुख अरुण ओझा व दिलीप कुमार ने शव का अंतिम संस्कार किया। हजारीबाग के स्वयंसेवक नीरज पासवान अपनी टोली के साथ अब तक 20 से अधिक कोरोना संक्रमित शवों का दाह संस्कार करा चुके हैं। इनकी टोली में अरविंद कुमार, अनिल पाठक और सुदामा कुमार शामिल हैं। यह तो एक उदाहरण है।

देश में 287 व झारखंड में सात स्थानों पर स्वयंसेवक चला रहे हैं आइसोलेशन सेंटर

आरएसएस के झारखंड प्रांत सेवा प्रमुख त्रिवेणी साव के अनुसार देश में 287 और झारखंड में सात स्थानों पर आइसोलेशन सेंटर है। वहीं पूरे भारत में 118 और झारखंड में 10 स्थानों पर कोविड केयर सेंटर स्वयंसेवक चला रहे हैं। अब तक स्वयंसेवकों ने पूरे देश में छह लाख से अधिक भोजन पैकेट, 44000 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह करने का काम किया है। जहां तक झारखंड की बात है तो अब तक 25000 से अधिक लोगों तक भोजन पहुंचाया गया है। 16 हजार से अधिक लोगों को काढा पिलाया गया, 325 से अधिक लोगों को ऑक्सीजन सिलेंडर, 1600 से अधिक लोगों को दवा एवं 10000 से अधिक लोगों को चिकित्सकीय सलाह दिलवाई गई है।

chat bot
आपका साथी