MOB LYNCHING : भीड़ की पिटाई से एक डकैत की मौत, 5 डकैतों ने डाला 60000 का डाका

एक घर में 60000 की डकैती, झड़प में तीन ग्रामीण भी हुए घायल -मौके से एक पिस्टल और गोलियां बरामद

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 18 Nov 2018 11:29 AM (IST) Updated:Sun, 18 Nov 2018 05:37 PM (IST)
MOB LYNCHING : भीड़ की पिटाई से एक डकैत की मौत, 5 डकैतों ने डाला 60000 का डाका
MOB LYNCHING : भीड़ की पिटाई से एक डकैत की मौत, 5 डकैतों ने डाला 60000 का डाका

रांची, जासं। राजधानी रांची में बेखौफ अपराधियों के तांडव के बीच अपनी सुरक्षा की बीड़ा अब खुद ग्रामीण उठाने लगे हैं। इसकी बानगी शनिवार को देर रात नामकुम इलाके में दिखी। नामकुम थाना क्षेत्र के हाहाप के बिल्लूडीह गांव स्थित करम सिंह मुंडा के घर में पांच हथियारबंद अपराधी डकैती करने पहुंचे थे। डकैतों ने उनके साथ मारपीट कर करीब ₹60000 लूट लिए।

इस दौरान करम सिंह मुंडा द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जुटे। ग्रामीणों को देख अपराधियों ने उनपर हमला कर दिया। इसमें करम सिंह मुंडा, दीनू राज मुंडा और कुलदीप मुंडा घायल हो गए। इससे आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने लुटेरों को लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। तीन अपराधी मौके से भाग निकले। दो की जमकर धुनाई की जाने लगी। जिसमें एक मौके पर ही अधमरा हो गया।

एक अन्य घायल अपराधी अपनी जान बचाकर भागा। इस बीच नामकुम पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस अधमरा पड़े अपराधी को इलाज के लिए रिम्स ले गई। जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। मौके से एक पिस्टल और गोलियां भी बरामद की गई हैं।  मृतक अपराधी खूंटी के सूली गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। खबर है कि अपराधियों में एक का रिश्तेदार हाहाप गांव में ही रहता है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है।

एक सप्ताह पहले चड्डी बनियान गिरोह ने मचाया था तांडव : नामकुम में ही चड्डी बनियान गिरोह के अपराधियों ने गौरी शंकर शाह के घर में तांडव मचाया था। उनके घर पर हमला कर करीब ₹1000000 के जेवरात और नकद लूट लिए थे। गौरी शंकर शाह के घर के  चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए थे। अब तक अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इसी घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों से खुद लोहा लिया है।

chat bot
आपका साथी