झारखंड में लगातार बढ़ रहा राजद का जनाधार, इसे और आगे ले जाएंगे : जयप्रकाश यादव

रांची राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्य में तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को रांची पहुंचे। उन्होंने मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी कि झारखंड में राजद का जनाधार लगातार बढ़ रहा है इसे और आगे ले जाना है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 07:45 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 07:45 PM (IST)
झारखंड में लगातार बढ़ रहा राजद का जनाधार, इसे और आगे ले जाएंगे : जयप्रकाश यादव
झारखंड में लगातार बढ़ रहा राजद का जनाधार, इसे और आगे ले जाएंगे : जयप्रकाश यादव

रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्य में तीन दिवसीय दौरे पर शनिवार को रांची पहुंचे। उन्होंने मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झारखंड में राजद का जनाधार लगातार बढ़ रहा है, इसे और आगे ले जाना है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद के निर्देश पर ही उनकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वे रांची आए हैं। उन्हें बोकारो, धनबाद व देवघर का दौरा कर वहां जिला, प्रखंड से लेकर बूथ स्तर तक राजद की स्थिति की समीक्षा करनी है और पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना है। कई जिलों में राजद बेहतर स्थिति में है, तो कुछ जिले ऐसे हैं, जहां पार्टी को मजबूत करने की जरूरत है। वर्तमान में पलामू, कोडरमा में राजद मजबूत स्थिति में है। होली के बाद पलामू प्रमंडल में राजद का बड़ा सम्मेलन होना है।

राजद के झारखंड प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि केंद्र की नीतियों के चलते देश की आर्थिक स्थिति बदहाल हो चुकी है। डीजल-पेट्रोल की कीमत पूर्व की मनमोहन सरकार में जहां 40-45 रुपये प्रति लीटर के करीब थी, आज 100 रुपये प्रति लीटर है। भारत से छोटे देश नेपाल व बांग्लादेश में भी पेट्रोल व डीजल की कीमत बेहद कम है। केंद्र सरकार के निर्णय से पूरा देश उबल रहा है, लोगों में असंतोष है और किसान आंदोलन पर उतरे हुए हैं। जब तक केंद्र सरकार अपने ये तीनों कानून वापस नहीं ले लेती है, तब तक पग-पग पर राजद अपनी लड़ाई जारी रखेगा। केंद्र सरकार एयरपोर्ट, रेलवे से लेकर हर एक जरूरत के विभाग के निजीकरण को तुली हुई है। यादव ने जातिगत आधार पर जनगणना की वकालत की।

जयप्रकाश नारायण यादव ने केंद्र सरकार व बिहार सरकार के बजट को झूठ का पुलिदा बताया है। बिहार की विधि व्यवस्था पर भी जयप्रकाश नारायण यादव ने खुलकर बोला और कहा कि बिहार में शराब व अपराध का राज है।

-------------------

मुख्यमंत्री से मिले राजद के प्रदेश प्रभारी, जताया विश्वास :

प्रेस कांफ्रेंस के पूर्व झारखंड प्रदेश राजद के प्रभारी सह पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा जताया और कहा कि जब लालू प्रसाद रेल मंत्री थे तो उन्होंने हार्वड यूनिवर्सिटी में अपना व्याख्यान दिया था। अब हेमंत सोरेन भी उसी यूनिवर्सिटी में अपना व्याख्यान दिए हैं। जयप्रकाश नारायण यादव ने हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष जताया और कहा कि झारखंड की बागडोर मजबूत हाथों में है। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह, युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रंजन कुमार, प्रवक्ता अनिता यादव और डा. मनोज यादव मौजूद थे।

---------------

लालू प्रसाद पर निर्भर है मधुपुर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारने का फैसला :

मधुपुर में होने वाले उपचुनाव में राजद अपना प्रत्याशी उतारेगा कि नहीं, इस सवाल के जवाब में राजद के प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि यह निर्णय राजद प्रमुख लालू प्रसाद लेंगे। उनके आदेश पर ही प्रत्याशी उतारने व नहीं उतारने का निर्णय होगा। बंगाल व असम में पार्टी अकेले लड़ेगी या झामुमो के साथ मिलकर लड़ेगी, इसपर भी कोई निर्णय नहीं हुआ है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष असम व बंगाल के दौरे पर हैं। वहां से लौटने के बाद दोनों ही राज्यों में राजद के प्रत्याशी उतारे जाने की घोषणा होगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि राजद कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

------------------

chat bot
आपका साथी