उदय नारायण चौधरी बोले, महागठबंधन में शामिल होकर अपना व जदयू का अस्तित्व बचाएं नीतीश

RJD Uday Narayan Choudhary बिहार के राजद नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री मान लें इसी में सब की भलाई है। कहा कि भाजपा जदयू से गृह व कार्मिक विभाग मांग रही है। चिराग पासवान को मंत्रिमंडल में शामिल कराना चाह रही है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Thu, 31 Dec 2020 08:05 PM (IST) Updated:Fri, 01 Jan 2021 08:11 AM (IST)
उदय नारायण चौधरी बोले, महागठबंधन में शामिल होकर अपना व जदयू का अस्तित्व बचाएं नीतीश
गुमला में राजद नेता उदय नारायण चौधरी।

गुमला, जासं। कड़ाके की ठंड में गर्मी का अहसास बिहार की राजनीति में एक बार फिर से होने लगा है। यह गर्माहट बिहार विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और राजद के वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी के बयान के बाद आया है। अपने निजी दौरे पर झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर पहुंचे उदय नारायण चौधरी ने गुरुवार को फिर जदयू व भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आग्रह है कि राजद के महागठबंधन में शामिल होकर जदयू का वजूद व अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचा लें।

नीतीश, तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री मान लें। इसी में सबकी भलाई है। उदय नारायण चौधरी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जदयू में फूट पड़ गई है। भाजपा अब जदयू को परेशान करने लगी है। बिहार में मंत्रिमंडल का गठन अब तक नहीं हो पाया है। इसका कारण भाजपा गृह व कार्मिक विभाग जदयू से मांग रही है और जदयू किसी भी कीमत पर यह विभाग भाजपा को नहीं देना चाह रहा है। संख्या बल अधिक होने के कारण स्पीकर का पद भी भाजपा ने जदयू से ले लिया।

भाजपा चिराग पासवान को बिहार के मंत्रिमंडल में शामिल कराना चाह रही है। जबकि, जदयू उस पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। उन्होंने बिहार की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन या फिर मध्यावधि चुनाव की संभावना भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बड़ी मछली हमेशा छोटी मछली को खाती है। बड़ी मछली भाजपा जदयू को निगलने की फिराक में है। उन्होंने महाराष्ट्र में शिवसेना, पंजाब में अकाली दल, झारखंड में झाविमो का उदाहरण देते हुए बताया कि भाजपा जदयू को छोटा दिखाना चाह रही है।

बिहार में भाजपा से कम सीट जदयू की है। जदयू से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं। लेकिन, अधिकार भाजपा के पास है। अरुणाचल से जदयू के छह विधायक को भाजपा में शामिल कर नीतीश कुमार को चिढ़ाने का काम किया गया है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजद से एक भी विधायक कहीं नहीं जा रहा है।

chat bot
आपका साथी