Online Exam: ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल का खतरा, झारखंड की राज्‍यपाल ने जताई चिंता

Jharkhand News Education News राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से विभिन्न विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 02 Jun 2021 03:14 PM (IST) Updated:Wed, 02 Jun 2021 06:52 PM (IST)
Online Exam: ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल का खतरा, झारखंड की राज्‍यपाल ने जताई चिंता
Jharkhand News बुधवार को ऑनलाइन समीक्षा करतीं राज्‍यपाल।

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कॉलेजों में हो रही या होनेवाली ऑनलाइन परीक्षाओं में नकल की संभावनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए विद्यार्थियों के सत्र नियमितीकरण हेतु ऑनलाइन क्लास ही विकल्प दिख रहा है। लेकिन इस क्रम में यह भी ध्यान रखना होगा कि बच्चों में नकल की कुप्रथा विकसित न हो। कहा कि विश्वविद्यालय परीक्षा लेने की दिशा में ऐसा प्लेटफॉर्म या सिस्टम विकसित करे, जिससे विद्यार्थी नकल न कर सकें।

राज्यपाल बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से विभिन्न विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा कर रही थीं। इस क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कुलपतियों को ऑनलाइन क्लास में लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की समस्या सुनने और काउंसलिंग करने हेतु निर्देश दिए।  कहा कि ऑनलाइन कक्षाओं में विद्यार्थियों की न केवल उपस्थिति, बल्कि विद्यार्थी इसका सही उपयोग ज्ञानवर्द्धन में कर सकें, यह भी सुनिश्चित हो।

उन्होंने दूसरे राज्यों के विश्वविद्यालयों में लागू बेस्ट प्रैक्टिसेज को भी अपनाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक यूट्यूब पर भी अपने व्याख्यान को अपलोड कर सकते हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो सकें। राज्यपाल ने इस क्रम में सभी विश्विद्यालयों के सत्र नियमितीकरण तथा चांसलर पोर्टल की भी समीक्षा की। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह आदि भी शामिल हुए।

कोरोना से निपटने में सामाजिक दायित्वों को निभाए विश्वविद्यालय

राज्यपाल ने कहा कि कोरोना काल जैसे चुनौतीपूर्ण समय में विश्वविद्यालय सामाजिक दायित्वों की अहम भूमिका का निर्वहन कर सकता है। शिक्षक और विद्यार्थी लोगों को कोविड के अनुकूल आचरण व व्यवहार करने हेतु प्रेरित कर सकते हैं। वैक्सीनेशन के लिए कैंप के आयोजन और लोगों में जागरुकता लाने में विश्वविद्यालय प्रेरणादायी भूमिका का निर्वहन कर सकता है। इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा मास्क वितरण कार्यक्रम, ऑक्सीजन सिलेंडर वितरण, वैक्सीनेशन कार्यक्रम में दिए गए योगदान की जानकारी दी गई।

chat bot
आपका साथी