अपनों को किया याद: रांची के रामलखन सिंह कॉलेज में दो मिनट का मौन रख दी श्रद्धांजलि, मंत्री-विधायक हुए शामिल
कोरोना महामारी की भयावहता में हमें छोड़कर जाने वाले लोगों को आज विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। कोरोना महामारी के कारण हमने जिन अपनो को खोया उनकी याद में आज पूरे शहर में अभी से कुछ देर पहले लोगों ने दो मिनट मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रांची, जासं। कोरोना महामारी की भयावहता में हमें छोड़कर जाने वाले लोगों को आज विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। कोरोना महामारी के कारण हमने जिन अपनो को खोया, उनकी याद में आज पूरे शहर में अभी से कुछ देर पहले लोगों ने दो मिनट मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दैनिक जागरण की मुहिम सर्वधर्म प्रार्थना सभा के तहत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक,शैक्षणिक, चिकित्सकीय संस्थान तथा सरकारी और निजी कार्यालयों में मौन श्रद्धांजलि का आयोजन हुआ। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। जगह-जगह उनकी याद में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रांची के नामकुम में दैनिक जागरण के सर्व धर्म सभा में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शामिल हुए। उन्होंने मौन धारण करने के बाद पौधारोपण किया। रांची में मुख्य कार्यक्रम राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में आयोजित किया गया। इसमें रांची के सांसद संजय सेठ, डिप्टी मेयर रांची नगर निगम संजीश विजयवर्गीय मौजूद रहें। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु तथा पीड़ित परिवारों के सदस्यों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सुबह 11 बजे 2 मिनट के लिए श्रद्धांजलि सभा हुई। इसके बाद पौधारोपण किया। अभियान की सफलता के लिए विभिन्न गणमान्य लोगों की तरफ से अपील जारी की गई हैं। इसमें रांची के उपायुक्त छवि रंजन, रांची नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार, जैप वन के कमांडेंट अनीश गुप्ता, एसएसपी रांची सुरेंद्र कुमार झा शामिल है।
रिम्स के निदेशक, झारखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति, चेंबर के पदाधिकारियों सहित समाज के हर वर्ग के लोगों ने वीडियो संदेश जारी कर सर्वधर्म प्रार्थना सभा में लोगों के सहभागिता का किया अनुरोध
इससे पहले दैनिक जागरण की सर्वधर्म प्रार्थना सभा की मुहिम को सफल बनाने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोगों की तरफ से वीडियो संदेश जारी किए गए। इसमें कहा गया है कि जो लोग जहां हैं, वहीं खड़े होकर कोरोना महामारी में मरने वाले लोगों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त करें। कार्यक्रम सुबह 11 बजे एक साथ पूरे झारखंड में आयोजित किया गया। रिम्स के निदेशक डॉ कामेश्वर प्रसाद , झारखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ प्रदीप कुमार मिश्रा, झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विभिन्न पदाधिकारी, अलग-अलग धर्म संगठनों के लोग, शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक, औद्योगिक इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों से इस कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की थी। रेलवे, बार एसोसिएशन, हाउसिंग सोसायटी सभी जगहों पर कार्यक्रम हुए। कोविड-19 के नियमों का अनुपालन करते हुए शारीरिक दूरी का ख्याल रखकर लोगों को श्रद्धांजलि दिया गया। वर्तमान में महामारी से जूझ रहे लोगों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की गई।
ग्रामीण इलाकों में जगह जगह आयोजित हो रहे
राजधानी रांची के सभी प्रखंडों में जगह जगह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया गया।