अनूठा तरीका: रांची में लोग पुलिस की बजाय चोरों से लगा रहे गुहार, इस घर में हो चुकी है चोरी; दोबारा प्रयास बेकार

शहर के पुंदाग ओपी इलाके में चोरों के आतंक से लोग इस कदर परेशान हैं कि अनूठे ढंग से इसपर रोक लगाने की कोशिश में जुट गए हैं। पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा के बजाए अब चोरों के लिए ही तख्ती और पोस्टर लगाए जा रहे।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 09:16 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 09:16 AM (IST)
अनूठा तरीका: रांची में लोग पुलिस की बजाय चोरों से लगा रहे गुहार, इस घर में हो चुकी है चोरी; दोबारा प्रयास बेकार
रांची में लोग पुलिस की बजाय चोरों से लगा रहे गुहार, इस घर में हो चुकी है चोरी। जागरण

रांची, जासं । शहर के पुंदाग ओपी इलाके में चोरों के आतंक से लोग इस कदर परेशान हैं, कि अनूठे ढंग से इसपर रोक लगाने की कोशिश में जुट गए हैं। पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा के बजाए अब चोरों के लिए ही तख्ती और पोस्टर लगाए जा रहे। जिसमें लिखा गया है कि इस घर में चोरी हो चुकी है, अब दोबारा प्रयास करना बेकार है। घर में अब ले जाने लायक कुछ नहीं बचा है। ऐसे पोस्टर रविवार को पुंदाग ओपी क्षेत्र के भगवती नगर में दिखाई दे रही थी। जहां कई घरों के बाहर मुख्य द्वार के पास इस तरह का पोस्टर और तख्ती लगे थे।

दरअसल, बीते शनिवार की रात चोरों ने भगवती नगर के आधा दर्जन घरों को अपना निशाना बनाया। ताला तोड़कर चोरों ने नकद समेत आठ लाख रुपये के जेवरात उड़ा लिए गए। इन्हीं चोरी की घटनाओं के बाद भगवतीनगर के लोगों ने यह अनूठी पहल कर चोरी रोकने का प्रयास करते हुए पुलिस पर व्यंग्य किया है। स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस चोरी रोक पाए, इसपर अब भरोसा उठ चुका है। इसलिए चोरों के लिए ही संदेश लिखा जा रहा। चूंकि पुलिस न चोरों को पकड़ पाती और न ही चोरी गए सामान ही वापस मिल पाते।

इन घरों को बनाया निशाना :

केस 01 :

पुंदाग भगवतीनगर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि वह किराए के मकान में रहते हैं। शनिवार को अपने परिवार के घर में ताला बंद कर ससुराल गए थे। रात में वह ससुराल में ही रूक गए। पड़ोसियों ने रविवार की सुबह उन्हें जानकारी कि घर का ताला टूटा हुआ है।इसकी जानकारी मिलने के बाद जब वे घर पहुंचे और भीतर गए तो देखा अलमीरा का लॉक टूटा था। उसमें रखा दो लाख नकद और एक लाख के जेवरात गायब थे।

केस 02 :

पुंदाग के भगवती नगर के रेखा देवी और ग्रामीण बैंक में कार्यरत संजीव खन्ना के मकान में दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोरों ने उनके घर पर एक माह पहले भी निशाना बनाते हुए चोरी की थी। बीते शनिवार की रात फिर चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकद समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली। इस संबंध में रेखा देवी ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है। रेखा ने बताया कि वह बेड़ो स्थित अपने ससुराल गई थी। रविवार को जब वह पहुंची तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और भीतर सामान बिखरा पड़ा है। अलमीरा में रखा सोने का चेन, अंगुठी, कानी की बाली, चांदी का पायल के अलावा सात हजार रुपये उड़ा लिया गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

केस 03 :

शिक्षा विभाग में कार्यरत जितेंद्र सिंह के घर से भी चोरी की गई। उनके घर का ताला तोड़कर चोरों ने एक लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली गई। जितेंद्र ने बताया कि वह और उनके किराएदार मनोज अग्रवाल शनिवार को नहीं थे। चोरों ने दोनो घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस संबंध में जितेंद्र ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

chat bot
आपका साथी