एक लाख पौधे लगाने के लिए रांची नगर निगम का टेंडर जारी

रांची नगर निगम शहर में एक लाख पौधे लगाने जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Aug 2021 07:04 AM (IST) Updated:Mon, 09 Aug 2021 07:04 AM (IST)
एक लाख पौधे लगाने के लिए रांची नगर निगम का टेंडर जारी
एक लाख पौधे लगाने के लिए रांची नगर निगम का टेंडर जारी

जागरण संवाददाता, रांची : रांची नगर निगम शहर में एक लाख पौधे लगाने जा रहा है। इसके लिए निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। जो भी एजेंसी ये टेंडर लेगी उसे पौधारोपण करने के साथ ही इनका तीन साल तक रखरखाव भी करना होगा। ये पौधारोपण सड़क के किनारे या खाली जमीन पर किया जाएगा। इसका खाका तैयार कर लिया गया है।

नगर आयुक्त ने राजधानी में पांच लाख पौधे लगाने का प्लान बनाया था। इसके पहले चरण में एक लाख पौधे लगाने की योजना बनी है। ये राजधानी को हरा भरा बनाने की कवायद है। नगर निगम राजधानी में पर्यावरण को संरक्षित करने की कसरत में जुटा है। इसी को लेकर पौधारोपण किया जा रहा है।

बांटे गए 2000 पौधे : नगर निगम द्वारा पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत एक व्यक्ति एक पौधा योजना चल रही है। इस योजना के तहत निश्शुल्क पौधा वितरण किया जा रहा है। रांची शहर के चार स्थलों में आम नागरिकों को पौधा दिया जा रहा है। रविवार को नगर निगम ने रामदयाल मुंडा पार्क, स्वामी विवेकानंद पार्क (डिस्टलरी पार्क), बेल बागान पार्क धुर्वा और हरमू के पटेल पार्क में 2000 लोगों को पौधों का वितरण किया गया है। इस कार्यक्रम में आम नागरिकों के द्वारा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया गया। जागरूकता अभियान रांची नगर निगम द्वारा जारी रहेगा। जो भी पौधे लगाने के इच्छुक हैं, वे निश्शुल्क पौधा ले सकते हैं।

पौधे के साथ ही बांटे गए थैले : रांची नगर निगम शहर की पर्यावरणीय स्थिति को दुरुस्त करने के लिए लोगों के बीच पौधों के साथ ही थैला भी बांट रहा है। जो लोग भी रविवार को नगर निगम के केंद्र पर पौधा लेकर आए उन्हें थैला भी दिया गया। थैला इसलिए बांटा जा रहा है ताकि लोगों को प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने एवं शहर को हरा भरा बनाने के लिए जागरूक किया जा सके।

chat bot
आपका साथी